हाइवा-ऑटो की भीषण टक्कर में महिला समेत 3 की मौत, 3 गंभीर

राजगीर (नालंदा दर्पण)। छबिलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाइवे 71 पर प्रगति पेट्रोल पंप के पास बीते बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें हाइवा ट्रक और यात्रियों से भरे ऑटो की जबरदस्त टक्कर से महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों में कंचन देवी (गौतम पासवान की पत्नी, निवासी बरनौसा, छबिलापुर), बिंदी यादव (पंडारक, पटना) और दिलीप कुमार (पंडारक, पटना) शामिल हैं।

घायलों में बरनौसा गांव के निवासी प्रियंका कुमारी, रवि रंजन कुमार और पंडारक की रिंकी देवी शामिल हैं। घायलों को राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स) रेफर किया गया है।

मृतक कंचन देवी के पुत्र गौरव कुमार ने बताया कि उनकी मां सरबहदा बैंक के काम से गई थीं और वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हुआ। दूसरी ओर बिंदी यादव और दिलीप कुमार मजदूर थे और छबिलापुर में किराये के मकान में रहते थे। काम खत्म करने के बाद वे भी ऑटो से लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

बहरहाल मृतकों के परिजन हादसे की खबर सुनकर राजगीर पहुंचे। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। लोग हाइवा चालकों की लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता को हादसे का कारण मान रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने और स्टेट हाइवे पर वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है। क्योंकि इस घटना ने सड़क सुरक्षा और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज