पति बना हैवान: बेन में पत्नी की लोढ़ा से हत्या, नूरसराय कांड से दहला नालंदा

बेन (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। नूरसराय की घटना के बाद अब बेन थाना क्षेत्र में एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

बताया जाता है कि बेन थाना क्षेत्र के अरावां पंचायत अंतर्गत बेलदरिया गांव की है, जहां रविवार देर रात लालू चौहान नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी सोनमंती देवी उर्फ तनीकनी देवी (30 वर्ष) की पत्थर के लोढ़ा से वार कर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार घर में 27 अप्रैल को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं। आरोपी के भाई मुन्ना चौहान की बेटी की शादी को लेकर पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन इसी बीच लालू चौहान ने इस खुशी को मातम में बदल दिया।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को परवलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटे और दो बेटियां छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया।

सूचना मिलते ही बेन थानाध्यक्ष रविराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ भेजा गया है। मृतका के परिजन कलावती देवी के बयान पर बेन थाना में कांड संख्या 91/26 दर्ज कर लिया गया है।

नूरसराय में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या

इससे पहले नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी गांव में भी एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपी मनीष कुमार उर्फ सूरजभान ने हत्या को छिपाने के लिए पत्नी के सीढ़ी से गिरने की झूठी कहानी गढ़ी थी।

मृतका राखी की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार आरोपी पति नशे और गलत संगत में लिप्त था और अक्सर पत्नी पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था।

घटना की रात घर के अन्य सदस्य बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

लगातार दो घटनाओं ने नालंदा जिले में घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी जैसे खुशी के माहौल में इस तरह की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें