इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। मंगलवार रात नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जेठौना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपनी ही पत्नी और इकलौती पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, संजय महतो अपनी पत्नी सनीसा देवी और बेटी स्नेहा कुमारी के साथ गांव में रहता था। मंगलवार दिन में परिवार के सभी सदस्य खेतों में कृषि कार्य कर लौटे थे। रात में जब पत्नी और बेटी सो रही थीं, उसी दौरान संजय महतो ने दोनों का गला दबाकर हत्या कर दी और घटनास्थल से फरार हो गया।
बताया जाता है कि आरोपी अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंचा, जहां उसे घटना की जानकारी दी। रिश्तेदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संजय महतो को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने घर से मां-बेटी के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका स्नेहा कुमारी हाल ही में मैट्रिक परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल कर गांव और परिवार का नाम रोशन की थी। उसकी असामयिक मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार सुखी और संपन्न था तथा किसी प्रकार का विवाद भी सामने नहीं आया है, जिससे यह घटना और भी रहस्यमयी बन गई है।
इधर, हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है, जिसके मद्देनजर उसे इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


