इस्लामपुरअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगहिलसा

इस्लामपुर में सनसनी: वृद्ध की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया, गांव में दहशत

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मोबारकपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय वृद्ध श्यामदेव पासवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्यामदेव पासवान बीती रात घर से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

Islampur murder case
70-year-old man who went to attend a wedding found dead hanging from a tree; family alleges murder, police probe underway

बुधवार की सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो गांव के खंधा में गम्हार के पेड़ से लटका हुआ उनका शव देखा गया। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही इस्लामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के पुत्र वीरेन्द्र पासवान ने बताया कि उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

उन्होंने आशंका जताई कि बदमाशों ने उनके पिता के साथ मारपीट कर हत्या की और बाद में साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया।

परिजनों के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। वहीं घटना के बाद मृतक की पत्नी सविता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं, जो इस घटना से पूरी तरह टूट चुके हैं।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस निर्मम वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.