हिलसा सूर्य मंदिर तालाब में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी

हिलसा में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा पानी में तैरता शव, पुलिस जांच में जुटी

हिलसा (नालंदा दर्पण)। हिलसा शहर स्थित सूर्य मंदिर तालाब में अहले सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत डूबने से हुई है।

जानकारी के अनुसार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने तालाब के पश्चिमी छोर पर पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी, जिससे देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के बीच चर्चा है कि मृत युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता था और पिछले दो-तीन दिनों से उसे इलाके में लावारिस हालत में घूमते देखा गया था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सूचना मिलने पर हिलसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस द्वारा युवक की पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है और सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें