
नालंदा दर्पण डेस्क। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने राजगीर और हावड़ा के बीच समर स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया है। ट्रेन संख्या 03029/03030 राजगीर-हावड़ा समर स्पेशल के चलने से बिहार के मगध क्षेत्र के यात्रियों को पश्चिम बंगाल और झारखंड की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन राजगीर से खुलकर नालंदा, बिहारशरीफ, बरबीघा, शेखपुरा, लखीसराय और भागलपुर होते हुए हावड़ा तक जाएगी। इससे गया-हावड़ा एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। खासकर मगध और अंग क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी साबित होगी।
समय सारिणी के अनुसार हावड़ा से यह ट्रेन रात 10:50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह लगभग 10:17 बजे शेखपुरा जंक्शन पहुंचेगी। वहीं राजगीर से ट्रेन दोपहर 2:00 बजे खुलकर शाम 4:17 बजे शेखपुरा स्टेशन पहुंचेगी। रेलवे सूत्रों का कहना है कि समर सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस विशेष सेवा की शुरुआत की गई है।
ट्रेन परिचालन शुरू होने के बाद राजगीर, बिहारशरीफ, शेखपुरा और आसपास के इलाकों के यात्रियों में खुशी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने रेलवे के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लंबी दूरी की यात्रा अब अधिक सुगम और आरामदायक होगी।






