शादी का झांसा देकर यौन शोषण, 15 लाख की ठगी, 6 माह बाद आरोपी दारोगा गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। दीपनगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में उत्पाद विभाग के एक दारोगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संजय चौधरी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बांका जिले के महेशाडीह स्थित उत्पाद विभाग में पदस्थापित बताया जा रहा है।
पीड़िता की मां ने पिछले वर्ष 4 दिसंबर को दीपनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि आरोपी ने उनकी नाबालिग बेटी को शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बांका जिले से गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 से पीड़िता के संपर्क में था। आरोप है कि उसने पहले प्रेम संबंध बनाया और फिर शादी का आश्वासन देकर युवती का यौन शोषण करता रहा। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने बालिग होने पर शादी करने का वादा किया।
परिजनों का आरोप है कि युवती के बालिग होने के बाद जब शादी की बात उठाई गई तो आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं शादी के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की गई। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उन्होंने कर्ज लेकर यह रकम आरोपी को दी, जिसका वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है।
आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी आरोपी लगातार शादी टालता रहा। इसी दौरान पीड़िता को जानकारी मिली कि दारोगा ने दूसरी युवती से शादी कर ली है। इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर पीड़िता ने दीपनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार के अनुसार जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी और पीड़िता के बीच शादी तय होने के बाद बातचीत बढ़ी थी और इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर कई बार संबंध बनाए। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हाल के दिनों में बिहार में महिला उत्पीड़न और दुष्कर्म से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। नालंदा में सामने आया यह मामला भी कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।






