पुलिस ने सुलझाई इस्लामपुर-खुदागंज मार्ग पर लूट की गुत्थी, एक बदमाश गिरफ्तार

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा पुलिस ने खुदागंज थाना क्षेत्र में इस्लामपुर-खुदागंज मार्ग पर हुई लूट की घटना का महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लूटी गई स्कूटी, नकदी और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को करीब 4 बजे खुदागंज थाना क्षेत्र के परशुराई एवं शोभा विगहा गांव के बीच अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति से 60 हजार रुपये नकद, स्कूटी और मोबाइल लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा-2 कुमार ऋषिराज ने के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक इस्लामपुर अंचल एवं खुदागंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर घटना का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल संख्या BR-02-BY-3306 (R15) एवं BR-21-AA-1055 को बरामद किया है। साथ ही लूटी गई स्कूटी संख्या BR-02-CA-2186 को गया जिले के छबिलापुर थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। इसके अलावा 3000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामप्रवेश प्रसाद, पिता सुरेश प्रसाद, निवासी गोपालचक, थाना खुदागंज, जिला नालंदा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार CCTV फुटेज से भी उसकी पहचान की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने बताया कि CCTV के आधार पर अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार, थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलोत, पुअनि रामप्रवेश प्रसाद, सअनि अनिल कुमार सिंह एवं खुदागंज थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।






