नालंदाफीचर्डबिहार शरीफशिक्षा

अब नहीं चलेगी शिक्षकों की होशियारी, ई-शिक्षाकोष एप में हुआ बड़ा बदलाव

नालंदा दर्पण डेस्क। बिहार शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की उपस्थिति व्यवस्था को और सख्त करते हुए ई-शिक्षाकोष एप में नया नियम लागू कर दिया है। अब शिक्षकों को विद्यालय परिसर से मात्र 34 मीटर के दायरे के भीतर रहकर ही अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इससे पहले यह सीमा 500 मीटर तक निर्धारित थी।

नये नियम के लागू होने के बाद यदि कोई शिक्षक विद्यालय से 34 मीटर से अधिक दूरी पर रहेगा, तो इ-शिक्षाकोष एप में अनुमति अस्वीकृत का संदेश प्रदर्शित होगा और उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकेगी। विभाग का मानना है कि इससे विद्यालयों में शिक्षकों की वास्तविक मौजूदगी सुनिश्चित हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग ने लोकेशन आधारित उपस्थिति प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है। अब विद्यालय पहुंचने के बाद ही शिक्षकों को एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी। साथ ही गेट स्कूल लोकेशन विकल्प पर क्लिक कर विद्यालय की सही लोकेशन अपडेट करने का भी निर्देश दिया गया है।

विभाग ने शिक्षकों को इ-शिक्षाकोष एप का नवीनतम संस्करण उपयोग करने, मोबाइल का जीपीएस एवं इंटरनेट कनेक्शन चालू रखने तथा समय-समय पर विद्यालय की लोकेशन अपडेट करने की सलाह दी है। तकनीकी समस्या की स्थिति में संबंधित प्रखंड या जिला समन्वयक अथवा विद्यालय प्रधान से संपर्क करने को कहा गया है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि नयी व्यवस्था का उद्देश्य उपस्थिति प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना, जवाबदेही तय करना और विद्यालयों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना है। वहीं इस बदलाव के बाद शिक्षकों के बीच भी चर्चा तेज हो गयी है, क्योंकि अब विद्यालय परिसर से बाहर रहकर उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं होगा।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.