इस्लामपुर में छठ पूजा की तैयारी पूरी, 20 घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बूढ़ानगर का प्राचीन सूर्य मंदिर यानी छोटकी औंगारी धाम बनेगा आस्था का प्रमुख केंद्र, घाटों पर गोताखोर और आपदा मित्र तैनात

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर इस्लामपुर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर परिषद क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन ने प्रखंड के कुल 20 छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
इस्लामपुर नगर परिषद के बूढ़ानगर स्थित प्राचीन भगवान सूर्य मंदिर और सूर्य सरोवर को क्षेत्र में ‘छोटकी औंगारी धाम’ के नाम से जाना जाता है। छठ महापर्व के दौरान यहां दूर-दराज के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। व्रती सूर्य सरोवर के किनारे विधि-विधान से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। मंदिर परिसर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर इस बार भी विशेष तैयारियां की गई हैं।
20 छठ घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर और आपदा मित्र
अंचलाधिकारी शशिकांत शुक्ला ने बताया कि इस्लामपुर प्रखंड में कुल 20 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं। इनमें बूढ़ानगर, कोबिल, चौरमा पोखर, कस्तूरी बिगहा, बालमत बिगहा तलवार नदी घाट, हनुमानगढ़ी सूर्य मंदिर घाट, वीराकुंवर पोखर, बैरा पोखर, कोचरा तालाब, केवाली तालाब, सैफाबाद तालाब घाट, पैमार नदी किनारा, अमनावां मुशहरी पोखर, संडा सूर्य मंदिर घाट, पनहर पार्वती धाम तालाब घाट, आत्मा सूर्य मंदिर घाट, वैश्वक सूर्य मंदिर घाट, सेरथुआ-पचरुखिया सरकारी तालाब घाट, बौरीडीह पंचायत सरकार भवन तालाब घाट और बेले छिलका घाट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सभी चिह्नित घाटों पर गोताखोरों के साथ आपदा मित्रों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बूढ़ानगर और कोबिल घाट पर विशेष इंतजाम
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक संतोष कुमार उर्फ पुट्टू ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के बूढ़ानगर और कोबिल समेत प्रमुख घाटों पर छठव्रतियों की काफी भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए बूढ़ानगर सूर्य मंदिर परिसर और घाट की सीढ़ियों का रंग-रोगन कराया गया है।
सूर्य सरोवर में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की गई है। नगर परिषद का प्रयास है कि अर्घ्य देने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेला में सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क
छठ पूजा के दौरान घाटों और सूर्य मंदिर परिसर में लगने वाले मेले को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। डीएसपी कुमार ऋषिराज और थानाध्यक्ष रण विजय कुमार ने बताया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए गए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
आस्था के साथ सुरक्षा पर भी प्रशासन का जोर
इस्लामपुर का बूढ़ानगर सूर्य मंदिर और सूर्य सरोवर छठ के अवसर पर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख स्थल भी बन जाता है।
इस बार 20 घाटों पर प्रशासनिक निगरानी, गोताखोरों की तैनाती और नगर परिषद की ओर से बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है। अब श्रद्धालुओं को महापर्व के आगमन और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के पावन क्षणों का इंतजार है।
- सूर्यनगरी औंगारीधाम: द्वापर युग की मान्यता और छठ आस्था का अनोखा संगम
- राजगीर सूर्यकुंड में गर्म जल से होती है छठ पूजा, जानिए 22 कुंड और 52 धाराओं का रहस्य







