कतरीसरायगाँव-जवारधर्म-कर्मनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

कतरीसराय में प्रशासन अलर्ट, BDO और SHO ने किया छठ घाटों का यूं निरीक्षण

बिलारी, भगवानपुर, कटौना समेत कई गांवों के छठ घाटों का लिया जायजा, सुरक्षा में पुलिस के साथ गांव के युवा भी रहेंगे मुस्तैद।

कतरीसराय (नालंदा दर्पण)। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कतरीसराय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित करने के दौरान छठ घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की कवायद तेज कर दी है।

इसी कड़ी में बीडीओ रजनीश कुमार और थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बिलारी, भगवानपुर, कटौना, मैरा और बरीठ गांव पहुंचकर घाटों की स्थिति देखी तथा स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ घाटों पर पुलिस प्रशासन के जवानों के साथ गांव के युवा भी मुस्तैद रहेंगे। इसका उद्देश्य व्रतियों और श्रद्धालुओं को भीड़ के बीच किसी तरह की परेशानी से बचाना तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।

वहीं, संवेदनशील घाटों को लेकर भी प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। सकरी नदी के किनारे बसे बहादुरगंज, दरवेशपुरा और पटोरिया गांव के छठ घाटों का भी निरीक्षण किया गया। इन स्थानों पर ग्रामीणों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने युवाओं से पुलिस प्रशासन के सहयोग में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

प्रशासन ने ग्रामीणों से पर्व के दौरान आपसी समन्वय, सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिया कि महापर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद है कि कतरीसराय प्रखंड में छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और शांतिपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न होगा।

Katrisarai Chhath Puja 1

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.