
कतरीसराय (नालंदा दर्पण)। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कतरीसराय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित करने के दौरान छठ घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की कवायद तेज कर दी है।
इसी कड़ी में बीडीओ रजनीश कुमार और थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बिलारी, भगवानपुर, कटौना, मैरा और बरीठ गांव पहुंचकर घाटों की स्थिति देखी तथा स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ घाटों पर पुलिस प्रशासन के जवानों के साथ गांव के युवा भी मुस्तैद रहेंगे। इसका उद्देश्य व्रतियों और श्रद्धालुओं को भीड़ के बीच किसी तरह की परेशानी से बचाना तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
वहीं, संवेदनशील घाटों को लेकर भी प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। सकरी नदी के किनारे बसे बहादुरगंज, दरवेशपुरा और पटोरिया गांव के छठ घाटों का भी निरीक्षण किया गया। इन स्थानों पर ग्रामीणों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने युवाओं से पुलिस प्रशासन के सहयोग में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
प्रशासन ने ग्रामीणों से पर्व के दौरान आपसी समन्वय, सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिया कि महापर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद है कि कतरीसराय प्रखंड में छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और शांतिपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न होगा।
- सूर्यनगरी औंगारीधाम: द्वापर युग की मान्यता और छठ आस्था का अनोखा संगम
- राजगीर सूर्यकुंड में गर्म जल से होती है छठ पूजा, जानिए 22 कुंड और 52 धाराओं का रहस्य







