इस्लामपुर में नालसा वीर परिवार सहायता योजना पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
कोचरा के कुशवाहा भवन में आयोजित शिविर में पैनल अधिवक्ता विजय कुमार ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और कानूनी सहायता की जानकारी दी। 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाने की भी दी गई जानकारी।

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। प्रखंड के कोचरा स्थित कुशवाहा भवन में रविवार को ‘नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025’ के तहत एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली के निर्देशन तथा नालंदा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सौजन्य से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन जिला जज सह प्राधिकार अध्यक्ष सुशांत कुमार, न्यायाधीश सह सचिव राजेश कुमार गौरव, अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति हिलसा के एडीजे प्रथम सह अध्यक्ष आलोक कुमार पांडेय एवं अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव कुमारी सावित्री के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर का सफल नेतृत्व पैनल अधिवक्ता विजय कुमार और हिलसा अनुमंडलीय विधिक सहायता केंद्र एवं खुदागंज थाना में प्रतिनियुक्त पीएलवी (अधिकार मित्र) आलोक कुमार ने किया।
क्या है ‘नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025’? शिविर में उपस्थित ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों के परिजनों को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता विजय कुमार ने योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 26 जुलाई 2025 को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर श्रीनगर से इस योजना की शुरुआत की गई थी।
मुख्य उद्देश्य: देश में सेवारत रक्षा कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों को निःशुल्क एवं सक्षम कानूनी सहायता प्रदान करना।
किन मामलों में मिलेगी मदद: सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े संपत्ति विवाद, पेंशन संबंधी मामले, पारिवारिक कलह और अन्य कानूनी उलझनों के त्वरित समाधान के लिए कानूनी सहयोग दिया जाएगा।
कैसे लें इस योजना का लाभ? अधिवक्ता विजय कुमार ने आवेदन की सरल प्रक्रिया बताते हुए कहा कि पात्र व्यक्ति निम्नलिखित चरणों के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं:
संपर्क करें: अपने जिले के जिला सैनिक कल्याण बोर्ड या राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड में संचालित विधिक सेवा क्लिनिक से संपर्क करें।
पात्रता की जांच: विधिक सेवा क्लिनिक या जिला विधिक सेवा प्राधिकार यह सुनिश्चित करेगा कि आवेदक निःशुल्क कानूनी सहायता की श्रेणी में आता है या नहीं।
आवेदन और सहायता: निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा करने पर आवेदक को पैनल वकील, कानूनी परामर्श या मध्यस्थता की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए नालसा के आधिकारिक कानूनी सहायता पोर्टल या सिविल कोर्ट परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालतः शिविर के समापन सत्र में पीएलवी आलोक कुमार ने आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहारशरीफ और हिलसा कोर्ट परिसर में लगने वाली इस लोक अदालत में अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों का निःशुल्क निपटारा किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आपसी सहमति और सुलह के आधार पर अपने लंबित विवादों को समाप्त करने के लिए इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं।
इस जागरूकता शिविर में सच्चिदानंद प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश खन्ना, ब्रजकिशोर प्रसाद, शंभु प्रसाद, विजय सिंह, मनोज कुमार, सिद्धेश्वर प्रसाद, रेखा देवी, कुमारी गीता सिन्हा, उज्ज्वल कुमार, दौलती देवी, खुशबू कुमारी, शशिकांत चौरसिया, अनिल कुमार, वीणा भारती, उज्ज्वला कुमारी और नरेश पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।






