Nalanda Bird Flu Alert: डीएम आवास में मृत मिले 4 कौओं में H5N1 वायरस की पुष्टि
भोपाल की प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन सतर्क, पशु चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द; पोल्ट्री फार्मों से लिए जा रहे नमूने, पटना से पहुंची विशेषज्ञों की टीम ने किया निरीक्षण।

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले में बर्ड फ्लू (Bird Flu) संक्रमण की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। बिहारशरीफ स्थित जिलाधिकारी आवास परिसर में मृत पाए गए चार कौओं के नमूनों की जांच में एवियन इन्फ्लुएंजा के H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संक्रमण की रोकथाम और संभावित प्रसार पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
प्रशासन ने बिहारशरीफ शहर के आसपास 12 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित किया है। इस क्षेत्र में संचालित पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है। विभिन्न पोल्ट्री फार्मों से मुर्गियों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि संक्रमण की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके। एहतियात के तौर पर जिले के सभी पशु चिकित्सकों और पशुपालन विभाग के कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।
छह नवंबर को मृत मिले थे चार कौएः जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे के अनुसार, छह नवंबर को जिलाधिकारी आवास परिसर में चार कौए संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मृत पक्षियों के नमूने जांच हेतु पहले पटना, फिर कोलकाता और अंत में भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे गए थे। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई।
पटना से पहुंची विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीमः मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना स्थित पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान की चार सदस्यीय विशेषज्ञ टीम नालंदा पहुंची। टीम में डॉ. प्रियरंजन, डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. ज्ञानवेंद्र कुमार वर्मा और डॉ. संजय कुमार शामिल थे। विशेषज्ञों ने जिलाधिकारी आवास परिसर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इसके बाद जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे के साथ समीक्षा बैठक कर संक्रमण के संभावित स्रोतों और इसके प्रसार को रोकने के उपायों पर चर्चा की।
रैपिड रिस्पांस टीम गठित, इलाके में कराया गया छिड़कावः संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रशासन ने रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया है। नगर निगम के सहयोग से जिलाधिकारी आवास परिसर और आसपास स्थित डीएम कॉलोनी में सैनिटाइजेशन तथा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया है। साथ ही संबंधित विभागों को निगरानी और आवश्यक एहतियाती कार्रवाई तेज रखने का निर्देश दिया गया है।
चार कौओं में H5N1 संक्रमण की पुष्टि के बाद अब प्रशासन का मुख्य जोर 12 किलोमीटर के सर्विलांस क्षेत्र में पक्षियों और पोल्ट्री फार्मों की निगरानी पर है। जांच रिपोर्टों और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






