राजनीतिनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

राजगीर में सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद की तैयारी, जदयू कार्यकर्ताओं ने बनाई रणनीति

24 नवंबर को नालंदा टाउन हॉल में आयोजित होगा कार्यक्रम, अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं, महिलाओं और छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लिया गया संकल्प।

राजगीर (नालंदा दर्पण)। आगामी 24 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम की सफलता को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को राजगीर के होटल रॉयल इंडिया में जदयू नगर परिषद राजगीर के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद जदयू अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने की। इसमें कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए आशुतोष कुमार ने कहा कि सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने लंबे कार्यकाल में बिहार के विकास और सुशासन के क्षेत्र में जो काम किए हैं, उन्हें वर्षों तक याद किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी लोग आपसी समन्वय के साथ 24 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में नालंदा जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से आयोजित होगा।

जदयू प्रदेश नेत्री सह वार्ड पार्षद मीरा कुमारी ने कहा कि सुशासन दिवस को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारी की जा रही है।

वहीं, जदयू अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुवेंद्र राजवंशी ने कहा कि जिले के विभिन्न महादलित टोलों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर जदयू कार्यकर्ता अपने-अपने घरों और पार्टी कार्यालय में दीपक जलाकर इस दिवस को मनाएंगे।

जदयू छात्र जिलाध्यक्ष अनमोल वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

बैठक में नगर जदयू उपाध्यक्ष सुधीर उपाध्याय, जितेंद्र राजवंशी, महासचिव नीरज कुमार, अखिलेश राजवंशी, दीपक कुमार, आनंद रुद्र कांत, बादल कुमार, अनुराग पांडेय, सिद्धू मोदी, गौतम वर्मा, शशि कुमार और गुड्डू पाठक सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने तथा 24 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में नालंदा टाउन हॉल पहुंचने का संकल्प लिया।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.