चंडी में पुलिस पर हमला: कुख्यात लुटेरा को छुड़ाया, चौकीदार जख्मी, 5 महिलाएं गिरफ्तार

इस घटना से सालेहपुर गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं

चंडी (नालंदा दर्पण)। चंडी थाना क्षेत्र के सालेहपुर गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नूरसराय थाना पुलिस ने एक कुख्यात लुटेरा सागर पासवान को गिरफ्तार किया था। लेकिन इसके बाद आरोपित के परिजनों और सहयोगियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हथियार लहराते बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को घायल कर गिरफ्तार किए गए लुटेरे को जबरन रिहा करा लिया।

पुलिस और हमलावरों के बीच हुई झड़प में चंडी थाना के चौकीदार अनिल गोप गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकीदार ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि सागर पासवान के पिता झूलन यादव समेत लगभग दस लोगों ने नूरसराय पुलिस पर हमला किया। हमलावरों ने चौकीदार को पुलिस बुलाने के आरोप में पीटा।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपित के घर पर छापा मारा। जहां से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और हथियार निर्माण के उपकरण बरामद किए गए। इनका इस्तेमाल पुलिस पर हमला और सागर पासवान को छुड़ाने में किया गया था। पुलिस ने घर से पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया। जिनमें झूलन पासवान की पुत्री पूनम कुमारी, पत्नी बबिता देवी, पुत्रवधू पूजा देवी और रिश्तेदार मंजू देवी तथा उमा देवी शामिल हैं।

गिरफ्तार महिलाओं पर पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। चंडी और नूरसराय थाना की संयुक्त टीम मामले में छानबीन कर रही है।

नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के अनुसार सागर पासवान पर कई लूट और आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह अब तक पांच बार जेल जा चुका है। इस बार भी उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही थी। लेकिन बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से पुलिस पर हमला कर उसे छुड़ा लिया।

घटना के बाद नालंदा एसपी भारत सोनी और हिलसा डीएसपी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस बल को आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। डीएसपी ने बताया कि फरार आरोपियों और पुलिस पर हमला करने वालों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार