सूर्यपीठ बड़गांव में भास्कर महोत्सव और औंगारी में सूर्य महोत्सव को 10-10 लाख मिले

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। बिहार के नालंदा जिले में इस वर्ष छठ महापर्व के पावन अवसर पर सूर्य महोत्सव की धूम रहेगी। सूर्यपीठ बड़गांव में इस बार दो दिवसीय राजकीय भास्कर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नालंदा के एकंगरसराय स्थित सूर्यपीठ औंगारी धाम में भी दो दिवसीय सूर्य महोत्सव का आयोजन सुनिश्चित किया गया हैं।

इस आयोजन के लिए बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा दोनों ही स्थानों पर 10-10 लाख रुपये का बजट जिला प्रशासन को आवंटित किया गया है।

भास्कर महोत्सव का ऐतिहासिक महत्वः सूर्यपीठ बड़गांव में सूर्य महोत्सव का आयोजन पिछले 22 वर्षों से राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर स्मृति न्यास द्वारा किया जा रहा था। लेकिन इस बार राज्य सरकार ने इसे भास्कर महोत्सव के रूप में परिवर्तित कर एक नई पहल की हैं।

बिहार सरकार ने इसके लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की हैं। जिससे इस आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कला, संस्कृति और लोकजीवन का संगमः कला संस्कृति एवं युवा विभाग के आदेशानुसार अक्टूबर और नवंबर माह में नालंदा जिले में कुल सात राजकीय महोत्सवों का आयोजन होना हैं।

इन महोत्सवों के लिए 48 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई हैं। जिससे नालंदा के विभिन्न ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर उत्सवों का आयोजन होगा।

इन उत्सवों में पावापुरी महोत्सव, जरासंध महोत्सव, गोपाष्टमी महोत्सव और बाबा संत पुण्यतिथि महोत्सव भी शामिल हैं। पावापुरी महोत्सव के लिए 20 लाख रुपए, भास्कर और सूर्य महोत्सव के लिए 10-10 लाख रुपए और अन्य महोत्सवों के लिए 2-2 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

आयोजन का उद्देश्य और महत्त्वः इन राजकीय महोत्सवों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कला व संस्कृति को बढ़ावा देना हैं।

बड़गांव और औंगारी के सूर्यपीठ पर भास्कर और सूर्य महोत्सव से न केवल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों और हस्तशिल्पियों को भी अपना हुनर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

सर्वजन खबरें