एसएच-78 पर दर्दनाक हादसा: युवक को हेलमेट नहीं पहनना पड़ा महँगा, गई जान
पेट्रोल भरवाने निकला युवक बना सड़क हादसे का शिकार, गांव में पसरा मातम
चंडी (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-78 पर भीमसेन बिगहा गांव के समीप एक दर्दनाक हादसा में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी सुखदेव प्रसाद के 31 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में की गई है। घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पेट्रोल भरवाने जा रहा था युवकः परिजनों के अनुसार सुनील कुमार घर से चंडी बाजार जाने के लिए निकला था। वह बाइक में पेट्रोल भरवाने हेतु सालेहपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान भीमसेन बिगहा के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हेलमेट नहीं पहनना पड़ा भारीः प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सुनील कुमार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। आशंका जताई जा रही है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई। यदि उसने हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
परिवार में पसरा मातमः परिजनों ने बताया कि सुनील कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा था। इसी वजह से परिवार के लोगों ने उसे बाजार जाने से मना किया था, लेकिन वह जिद कर बाइक लेकर निकल गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटीः सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके। इस हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सड़क पर थोड़ी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। स्रोतः चंडी रिपोर्टर







