हीरो एशिया कप राजगीर: जापान हॉकी टीम का बिहार में भव्य आगमन

राजगीर (नालंदा दर्पण)। हीरो एशिया कप राजगीर बिहार 2025 की तैयारियों ने अब जोर पकड़ लिया है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए जापान की पुरुष हॉकी टीम शनिवार देर रात बिहार के राजगीर पहुँची। यह टूर्नामेंट न केवल खेल प्रेमियों के लिए एक रोमांचक अवसर है, बल्कि बिहार के लिए भी एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि यह पहली बार है जब राजगीर इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी इवेंट की मेजबानी कर रहा है।
जापान की पुरुष हॉकी टीम वर्तमान में एफआईएच वर्ल्ड रैंकिंग में 18वें स्थान पर है, इस बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट के इतिहास में जापान अब तक पाँच बार चौथे स्थान पर रहा है, लेकिन पदक जीतने का सपना अभी तक अधूरा है।
इस बार टीम का लक्ष्य इस ‘जिंक्स’ को तोड़कर पहली बार पोडियम फिनिश हासिल करना है। कप्तान राइकी फुजीशिमा ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य एशिया कप 2025 जीतकर 2026 विश्व कप के लिए क्वालिफाई करना है। राजगीर में हमारा पहला टूर्नामेंट है और पूरी टीम जोश और जज़्बे से भरी हुई है।
जापान को पूल-ए में रखा गया है, जिसमें मेजबान भारत, चीन और कज़ाखस्तान जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। जापान अपना अभियान 29 अगस्त को कज़ाखस्तान के खिलाफ शुरू करेगा। इसके बाद 31 अगस्त को भारत के साथ एक रोमांचक मुकाबला होगा, जो टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मैच माना जा रहा है। भारत एफआईएच रैंकिंग में शीर्ष स्थानों पर है और घरेलू समर्थन का लाभ उठाएगा और जापान के लिए कड़ी चुनौती पेश करेगा। जापान का अंतिम पूल मैच 1 सितंबर को चीन के खिलाफ होगा।
कप्तान फुजीशिमा ने भारत के खिलाफ मैच को लेकर कहा कि भारत के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। वे इस प्रतियोगिता की सबसे मजबूत टीमों में से एक हैं और घरेलू दर्शकों का समर्थन उन्हें और ताकत देगा। लेकिन हमें अपनी रणनीति और क्षमताओं पर पूरा भरोसा है। हम इस बार कुछ खास करने के लिए तैयार हैं।
कोच योशिहिरो इवासाकी ने बताया कि टीम ने पिछले कुछ महीनों में कड़ी मेहनत की है और विशेष रूप से तेज़ गति और आक्रामक रणनीति पर ध्यान केंद्रित किया है। हमारी टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है। हमने भारत और चीन जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ रणनीति तैयार की है और हमारा लक्ष्य हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना है।
हीरो एशिया कप राजगीर बिहार 2025 के सभी मैच भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव प्रसारित किए जाएँगे। इसके अलावा, अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका के हॉकी प्रशंसक इस टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण http://Watch.Hockey पर देख सकते हैं।







