पर्यटननालंदाफीचर्डराजगीर

अब 20 अप्रैल तक बंद रहेगा राजगीर रोपवे, जानें बड़ा कारण

“पर्यटकों से अपील की है कि वे इस अवधि में अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक समय के अनुसार बनाएं। यह अभ्यास पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है   -रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार 

राजगीर (नालंदा दर्पण)। राजगीर के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल आकाशीय रज्जुपथ (रोपवे) का परिचालन तकनीकी कारणों एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों को लेकर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

रोपवे प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार 08 अप्रैल से 20 अप्रैल तक रोपवे सेवा पूरी तरह स्थगित रहेगी। इस दौरान आवश्यक तकनीकी मरम्मत, निरीक्षण और रखरखाव का कार्य किया जाएगा।

रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस अवधि में रज्जुपथ की संपूर्ण तकनीकी जांच, आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखरखाव कार्य किए जाएंगे। ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा की संभावना को समाप्त किया जा सके।

ज्ञात हो कि राजगीर का यह रोपवे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रिय है। विश्व शांति स्तूप तक पहुंचने का यह एक महत्वपूर्ण साधन माना जाता है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक यात्रा करते हैं। ऐसे में रोपवे के बंद रहने से पर्यटकों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

प्रबंधन ने पर्यटकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान रोपवे सेवा का उपयोग करने की योजना न बनाएं और विश्व शांति स्तूप तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लें। साथ ही आश्वस्त किया गया है कि निर्धारित तिथि के बाद सेवा को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा।

इधर, रोपवे पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से आज 7 अप्रैल मंगलवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के साथ एक महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल सुबह 08:30 बजे से शुरू होगी, जिसमें आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति का अभ्यास किया जाएगा।

इस संबंध में रोपवे परिसर में एनडीआरएफ टीम के साथ एक टेबल टॉक कार्यक्रम आयोजित कर रणनीति तैयार की गई। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार मॉक ड्रिल के मद्देनजर 7 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे तक अथवा ड्रिल समाप्त होने तक रोपवे सेवा अस्थायी रूप से बंद रहेगी।

रोपवे प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे इस अवधि में अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक समय के अनुसार बनाएं। रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार ने कहा कि यह अभ्यास पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में एनडीआरएफ कमांडेंट शशि देव प्रसाद, इंस्पेक्टर जैनेंद्र कुमार, रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार तथा राजगीर बीडीओ एजाज आलम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.