आवागमननालंदाफीचर्डसमस्याहिलसा

हिलसा नगर परिषद क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने हो रही अवैध वसूली

नालंदा दर्पण डेस्क। हिलसा नगर परिषद क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने कथित अवैध वसूली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मलामां गांव स्थित गैस गोदाम के समीप सड़क जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे चालकों का आरोप था कि नगर परिषद द्वारा निर्धारित टैक्स के अलावा कुछ कथित एजेंट जबरन अतिरिक्त राशि वसूल रहे हैं। चालक संघ के अनुसार रेलवे फाटक पश्चिम, सूर्य मंदिर तालाब और योगीपुर रोड रेलवे फाटक के पास ऑटो चालकों से नियमित टैक्स लिया जाता है, लेकिन इसके अतिरिक्त अवैध वसूली का दबाव बनाया जा रहा है।

चालकों ने आरोप लगाया कि पैसे देने से इन्कार करने पर एजेंटों द्वारा मारपीट, गाली-गलौज और जेब से जबरन रुपये निकाल लेने जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। पिछले दो दिनों से बढ़ी ऐसी घटनाओं के बाद चालक वर्ग में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को मामले में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद चालकों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

प्रदर्शन समाप्त होने के बाद ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

चालकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर कानूनसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.