“रेड क्रॉस संस्था बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की सहायता करती है और समाज में भाईचारे एवं सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करती है। दुर्घटना, बीमारी और आपदा के समय रेड क्रॉस की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है…
हिलसा (नालंदा दर्पण)। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी उप जिला शाखा हिलसा द्वारा शुक्रवार को स्थापना दिवस समारोह धूमधाम एवं सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रेड क्रॉस कार्यालय परिसर में झंडोत्तोलन कार्यक्रम के साथ-साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, रेड क्रॉस सदस्यों एवं युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हिलसा अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी का झंडा फहराकर की गई। इसके बाद भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान अस्पताल पावापुरी के तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें कई लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्व रेड क्रॉस दिवस प्रतिवर्ष 8 मई को मनाया जाता है। यह दिन रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिनका जन्म 8 मई 1828 को हुआ था। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और स्वास्थ्य संकटों के दौरान निस्वार्थ मानवीय सेवा को सम्मानित करना है।
उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस विश्व के विभिन्न देशों में मानव सेवा, आपदा राहत, स्वास्थ्य सहायता एवं जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए कार्य करता है। रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने तथा मानवता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने की अपील की।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि रेड क्रॉस संस्था बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की सहायता करती है और समाज में भाईचारे एवं सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करती है। दुर्घटना, बीमारी और आपदा के समय रेड क्रॉस की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और लोगों में सेवा का भाव मजबूत होता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी अपने-अपने विचार रखे तथा रेड क्रॉस के सेवा कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि समाज के हर वर्ग को रेड क्रॉस जैसे सामाजिक कार्यों से जुड़ना चाहिए ताकि जरूरतमंद लोगों की मदद समय पर हो सके।
रक्तदान करने वालों में अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल, सोसाइटी के प्रवक्ता संतोष कुमार पार्थ, जिला आइकॉन डॉक्टर आशुतोष कुमार मानव, गणेश रजक, राजीव रंजन उर्फ शिव कुमार शर्मा, कौशल मणि सिंह, आर्यन आर्क, रूपेश पटेल, नेपाली सिंह, रितु राज, संजीव कुमार सिंह, आनंद कुमार, आशुतोष कुमार गौरी समेत कई लोगों ने रक्तदान किया।
मौके पर नगर अध्यक्ष धनंजय कुमार, मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष राज किशोर प्रसाद, उपाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार उर्फ आलोक, सचिव डॉ. रितेश कुमार तरुण, कोषाध्यक्ष अभिजीत कुमार, संतोष कुमार, रामशरण सिंह, डॉ. बैदेही, कोमल कुमारी, अभिषेक आनंद, सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा, अर्जुन प्रसाद विश्वकर्मा, सुरेश प्रसाद, अफरोज आलम, खुशबू कुमारी, प्रवीण कुमार, राजीव रंजन समेत रेड क्रॉस से जुड़े कई सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह मानव सेवा, सामाजिक सहयोग और जागरूकता के संदेश से ओतप्रोत रहा।






