
बेन (नालंदा दर्पण संवाददाता)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच शनिवार को नालंदा जिले के बेन प्रखंड मुख्यालय में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जो राजनीतिक हलचल को नई ऊंचाई दे गया। जन सुराज पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार और संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने अपने पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में एक भव्य रोड शो का आयोजन किया।

यह रोड शो न केवल स्थानीय जनता के बीच उत्साह का संचार कर गया, बल्कि वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर सवाल भी खड़े कर दिया। बेन बाजार से गुजरते काफिले का स्वागत ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जेसीबी से पुष्पवर्षा के साथ किया गया, जो दर्शाता है कि नालंदा की धरती पर बदलाव की लहर तेज हो रही है।
नालंदा विधानसभा क्षेत्र बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। जोकि आज एक अलग चुनावी रंग में रंग गया। सुबह से ही बेन बाजार में सैकड़ों की संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ता और समर्थक जुट चुके थे। प्रशांत किशोर का काफिला जैसे ही मुख्यालय पहुंचा, हवा में ‘जन सुराज जिंदाबाद’ और ‘पीके जिंदाबाद’ के नारे गूंजने लगे।
स्थानीय महिलाओं, युवाओं और किसानों ने जगह-जगह पर उनका स्वागत किया। खास बात यह रही कि जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने एक जेसीबी मशीन पर फूलों की होली खेली, जो रोड शो को एक अनोखा रंग दे गया। यह दृश्य ऐसा था मानो नालंदा की प्राचीन यूनिवर्सिटी की दीवारें भी इस उत्सव में शामिल हो गई हों।
रोड शो के दौरान प्रशांत किशोर ने खुली जीप से जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है। पिछले 35 सालों से हम नीतीश और भाजपा के डर से लालू को, और लालू के डर से नीतीश-भाजपा को चुनते आ रहे हैं। लेकिन अब समय आ गया है कि हम एक सच्चे विकल्प को चुनें- जन सुराज।
किशोर ने वर्तमान नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार चरम पर है। नीतीश जी का राजगीर में तो दिल बसता है, लेकिन बिहार के युवाओं का भविष्य कहां है?
इसी तरह केंद्र की मोदी सरकार पर भी उन्होंने तीखा प्रहार किया और कहा कि मोदी जी का दिल अहमदाबाद में है, लेकिन बिहार के किसानों का दर्द कौन समझेगा? वादे तो बहुत हुए, लेकिन हकीकत में बिहार अभी भी पिछड़ा हुआ है। किशोर ने अपील की कि जनता जन सुराज की सरकार बनाने में उनका साथ दे, ताकि बिहार में विकास, शिक्षा और रोजगार की नई क्रांति हो सके।
यह रोड शो नालंदा विधानसभा के बेन बाजार से शुरू होकर आसपास के इलाकों में फैला। काफिले में जन सुराज के स्थानीय उम्मीदवार भी शामिल थे, जिन्होंने जनता से सीधा संवाद किया।
नालंदा विधानसभा चुनाव 2025 के संदर्भ में यह रोड शो जन सुराज के लिए एक बड़ा संदेश है। विशेषज्ञों का मानना है कि नालंदा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में जन सुराज की पैठ मजबूत हो रही है, जो एनडीए और महागठबंधन के लिए चुनौती बन सकती है।
रोड शो के समापन पर प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर जनता से संपर्क करें। यह चुनाव सिर्फ सीटों का नहीं, बिहार के भविष्य का है। जन सुराज के साथ मिलकर हम नया बिहार गढ़ेंगे।





