
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। आम लोगों को लंबी अदालती प्रक्रिया और मुकदमों के बोझ से राहत दिलाने के उद्देश्य से आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि आपसी सहमति और सुलह के आधार पर कई तरह के लंबित मामलों का निःशुल्क निष्पादन कराया जा सकता है।
इस संबंध में इस्लामपुर प्रखंड के खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वैरा एवं कोचरा छठ घाट पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नालंदा के जिला जज सह अध्यक्ष सुशांत कुमार तथा अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव राजेश कुमार गौरव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। वहीं, हिलसा अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति के एडीजे प्रथम सह अध्यक्ष आलोक कुमार पाण्डेय एवं एसडीजेएम सह सचिव कुमारी सावित्री के मार्गदर्शन में पीएलवी आलोक कुमार ने लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता और इसके लाभों की जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम नागरिकों के लिए अपने सुलहनीय विवादों को बिना अतिरिक्त अदालती खर्च के समाप्त कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए संबंधित पक्षकार नालंदा जिला के हिलसा अथवा बिहारशरीफ न्यायालय परिसर में पहुंचकर अपने मामलों के निपटारे की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराकर अनावश्यक मुकदमेबाजी, समय और खर्च से बचें।
इन मामलों का हो सकता है निपटारा
राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, सुलहनीय फौजदारी एवं दीवानी मामले, बैंक ऋण विवाद, राजस्व, भू-अर्जन, बीमा क्लेम, मनरेगा, बिजली विवाद, आपदा से संबंधित मामले, माप-तौल, वाहन दुर्घटना क्लेम, सेवा संबंधी विवाद तथा पारिवारिक विवाद सहित अन्य सुलहनीय मामलों के निष्पादन की व्यवस्था है।
राष्ट्रीय लोक अदालत की खासियत यह है कि इसमें विवादों का समाधान दोनों पक्षों की सहमति से कराया जाता है। इससे लोगों को लंबे समय तक मुकदमे की पैरवी करने की परेशानी से राहत मिल सकती है।
कार्यक्रम में बाबा कल्पेश्वर नाथ, विलास प्रसाद, अनिल कुमार, नारायण, गौतम, विरजु कुशवाहा, नागेंद्र कुमार, शिव कुमार चौधरी, योगेंद्र प्रसाद यादव, छोटेलाल कुमार, सुरेंद्र कुमार वर्मा, घनश्याम सिंह, रामप्रवेश पासवान, उपेंद्र प्रसाद, कौशलेन्द्र कुमार पाण्डेय, योगेंद्र प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मौके पर खुदागंज थाना के सहायक अवर निरीक्षक देवनाथ कुमार भी मौजूद थे।







