Home खेल-कूद खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: राजगीर में चल रही जोरशोर से तैयारी

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: राजगीर में चल रही जोरशोर से तैयारी

Khelo India Youth Games 2025 Preparations going on in full swing in Rajgir
Khelo India Youth Games 2025 Preparations going on in full swing in Rajgir

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। चार मई से शुरू होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 को भव्य और यादगार बनाने के लिए राज्य खेल अकादमी राजगीर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) डॉ. बी. राजेन्द्र ने की। जिसमें नालंदा जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों का जायजा पेश किया।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन 4 मई से 15 मई, 2025 तक बिहार के पांच जिलों-*राजगीर (नालंदा), पटना, गया, भागलपुर और बेगूसराय में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन में युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हॉकी, तलवारबाजी, भारोत्तोलन, कबड्डी और बॉक्सिंग जैसे खेलों का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में नालंदा जिला प्रशासन और भवन निर्माण विभाग ने अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। एसीएस डॉ. बी. राजेन्द्र ने राजगीर में प्रस्तावित खेल मैदानों को यथाशीघ्र तैयार करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग को दिया। साथ ही खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों के आवासन के लिए होटलों की बुकिंग सुनिश्चित करने का भी आदेश जारी किया गया।

उन्होंने आवासन, भोजन, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, खेल मैदान, पेयजल, साफ-सफाई, ट्रांसपोर्टेशन और शौचालय जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। एसीएस ने जोर देकर कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। ताकि आयोजन में किसी भी तरह की कोई कमी न रहे।

इस बैठक में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरन, खेल निदेशक महेन्द्र कुमार, भवन निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव आशुतोष द्विवेदी, बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलसचिव रजनीकांत, नालंदा के प्रभारी डीएम दीपक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, डीडीसी श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर, अपर समाहर्ता मंजीत कुमार, एसडीओ कुमार ओमकेश्वर, डीएसपी सुनील कुमार सिंह सहित कई अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। विद्युत विभाग, पीएचइडी, नगर विकास एवं आवास विभाग, परिवहन विभाग और खेल विभाग के प्रतिनिधियों ने भी अपनी तैयारियों की रिपोर्ट साझा की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version