सुझाव है कि राजगीर-पटना एक्सप्रेस को नई संख्या जारी करने के बजाय पहले से चल रही पलामू एक्सप्रेस के नंबर से केवल ‘स्पेशल’ टैग हटाकर नियमित सेवा शुरू की जाए तो भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी..
राजगीर (नालंदा दर्पण)। राजगीर से पटना और आगे झारखंड के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। राजगीर-पटना एक्सप्रेस का नियमित संचालन प्रतिदिन शुरू हो गया है। इस सेवा की औपचारिक शुरुआत सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने राजगीर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से हरी झंडी दिखाकर की।
नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन राजगीर से पटना तक नए ट्रेन नंबर के साथ एक्सप्रेस के रूप में प्रतिदिन चलेगी। पटना पहुंचने के बाद यही रैक आगे पलामू एक्सप्रेस बनकर अपने निर्धारित गंतव्य बरकाकाना के लिए रवाना होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन का समय और ठहराव पहले की तरह यथावत रखा गया है।
हालांकि पहले ही दिन ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 15 मिनट की देरी से रवाना हुई। इस मौके पर सांसद ने कहा कि यह सेवा राजगीर, नालंदा, बिहारशरीफ समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। उन्होंने इसे क्षेत्रीय विकास और बेहतर रेल संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के नियमित संचालन से न केवल बिहार बल्कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों तक यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार और पार्सल सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
आरक्षण सुविधा को लेकर यात्रियों में नाराजगीः नई ट्रेन सेवा की शुरुआत के साथ ही आरक्षण व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष भी सामने आया है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे ने नया ट्रेन नंबर तो जारी कर दिया। लेकिन राजगीर, नालंदा और बिहारशरीफ जैसे प्रमुख स्टेशनों से आरक्षण की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि झारखंड जाने वाले यात्रियों को अभी भी पटना से टिकट बुक कराना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी हो रही है। यात्रियों ने यह भी सुझाव दिया कि नई संख्या जारी करने के बजाय पहले से चल रही पलामू एक्सप्रेस के नंबर से केवल ‘स्पेशल’ टैग हटाकर नियमित सेवा शुरू की जाती तो भ्रम की स्थिति नहीं बनती।
रेलवे प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांगः लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द राजगीर समेत आसपास के प्रमुख स्टेशनों से आरक्षण और पार्सल बुकिंग सुविधा शुरू की जाए, ताकि इस नई सेवा का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके।
इस अवसर पर नगर परिषद की सभापति जीरो देवी, जदयू जिला उपाध्यक्ष सुवेन्द्र राजवंशी, स्टेशन प्रबंधक शशिभूषण सिन्हा, जीआरपी, आरपीएफ के अधिकारी तथा कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



