नालंदा आयुध फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी, तमिलनाडु से आया ई-मेल

राजगीर (नालंदा दर्पण रिपोर्टर)। राजगीर स्थित नालंदा आयुध फैक्ट्री को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। फैक्ट्री प्रशासन को ईमेल के माध्यम से भेजे गए संदेश में फैक्ट्री और कार्यालय परिसर में ताकतवर बम लगाने और विस्फोट करने का दावा किया गया है। धमकी भरा यह ईमेल तमिलनाडु से भेजा गया बताया जा रहा है।

ईमेल की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, सुरक्षा एजेंसियाँ और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। फैक्ट्री परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि संदेश में भड़काऊ और गंभीर भाषा का उपयोग किया गया है। केंद्रीय व राज्य की जांच एजेंसियाँ, आंतरिक सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। मामला साइबर सेल को जांच हेतु सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार इससे पहले भी आयुध फैक्ट्री को इस प्रकार की धमकी मिल चुकी है। उस दौरान सघन तलाशी अभियान के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। इसके बावजूद फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा और अधिक कड़ी कर दी गई है।

प्रशासन ने कहा कि आयुध फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है और सभी संभावित पहलुओं की गहन जाँच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

सर्वजन खबरें