बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। बिहार के नवादा जिले में भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। यह स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है, जब 10 फरवरी को सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगमन प्रस्तावित है। लेकिन प्रशासनिक सख्ती के बावजूद भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही।
ताजा मामला औषधि निरीक्षक कार्यालय से जुड़ा है। जहां के एक कर्मी द्वारा दवा दुकानदारों से अवैध वसूली करने का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अकबरपुर नया बाजार मुख्य मार्ग स्थित दवा दुकानों के पास का है। जिसे शुक्रवार की दोपहर वन विभाग कार्यालय के सामने रिकॉर्ड किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक वायरल वीडियो में जो शख्स दवा दुकानदारों से जबरन पैसे वसूलते नजर आ रहा है, वह औषधि निरीक्षक कार्यालय का कर्मी सुरेश प्रसाद बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है।
अगर इस वायरल वीडियो की सही तरीके से जांच की गई तो दोषी कर्मी पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। लेकिन अगर इसे नजरअंदाज किया गया तो यह भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की प्रशासनिक मंशा पर भी सवाल खड़ा करेगा।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की अवैध वसूली कोई नई बात नहीं है। पहले भी कई बार दवा दुकानदारों को औषधि निरीक्षक कार्यालय के कर्मियों द्वारा बिना किसी वैध कारण के परेशान किया जाता रहा है। लेकिन इस बार वीडियो वायरल होने के बाद जनता को उम्मीद है कि दोषी कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है और क्या मुख्यमंत्री के दौरे से पहले इस मामले पर कोई ठोस कार्रवाई होती है या नहीं।
- PDS डीलरों की हड़ताल से गड़बड़ाई व्यवस्था, उपभोक्ताओं में उभरी भूखमरी
- चंडी नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित
- मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड फोरलेन मंजूर, इन 3 जिलों के 89 गांवों से गुजरेगी यह सड़क
- बिटकॉइन माइनिंग और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा दो दोस्तों की हत्या का सनसनीखेज मामला
- अब बेहद रोमांचक होगा राजगीर-कोडरमा रेल सफर, घने जंगलों और सुरंगों से गुजरेगी ट्रेन