राजगीर में पर्यटक की निर्मम हत्या से दहशत, जांच में जुटी पुलिस

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत वैभारगिरी पर्वत की तलहटी में एक सनसनीखेज हत्या कांड ने इलाके में दहशत फैला दी है। यहां एक 40 वर्षीय अज्ञात युवा पर्यटक की पत्थर से सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो इस वारदात का खुलासा हुआ। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन कोई भी मृतक की पहचान नहीं कर सका।

पुलिस को सूचना मिलते ही राजगीर थाना की टीम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक के सिर के पास एक खून से सना पत्थर पड़ा था, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी पत्थर से हमलावरों ने वार किया। शव के पास खून काला पड़ चुका था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या देर रात की गई। मौके से एक गमछा और एक चप्पल भी बरामद हुई, लेकिन मृतक की पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यह हत्या लूटपाट के इरादे से की गई हो सकती है। कुछ का मानना है कि बाहरी इलाकों के बदमाश अपने शिकार को राजगीर के पर्वतीय क्षेत्र में लाकर अपराध को अंजाम देते हैं। क्योंकि यह इलाका उनके लिए सुरक्षित ठिकाना माना जाता है। राजगीर का पर्वतीय क्षेत्र पहले भी कई हत्याओं, लूट और छिनतई की घटनाओं का गवाह बन चुका है।

राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हत्या पत्थर से सिर कूचकर की गई प्रतीत होती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और पहचान के लिए आसपास के थानों में मृतक की तस्वीरें भेजी गई हैं। पुलिस विभिन्न कोणों से मामले की जांच कर रही है। जिसमें सीसीटीवी फुटेज की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ शामिल है।

बहरहाल राजगीर, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है, वह बदमाशों के लिए सेफ जोन बनता जा रहा है। वैभारगिरी पर्वत की तलहटी में आए दिन लूट और छिनतई की घटनाएं सामने आती हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस की गश्ती और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें