बिहारशरीफ नगर निगमः कचरा चमका रही किस्मत, हुई 5 करोड़ कमाई

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण) बिहारशरीफ नगर निगम ने अप्रैल से जून 2025 तक ढाई महीने की अवधि में टैक्स वसूली अभियान के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की प्रभावशाली राशि जमा की है। यह वसूली होल्डिंग टैक्स, कचरा प्रबंधन शुल्क और पानी शुल्क के अंतर्गत की गई, जिसमें कचरा प्रबंधन शुल्क ने राजस्व संग्रह में सबसे बड़ा योगदान दिया।

इस दौरान नियमित टैक्सदाताओं को प्रोत्साहन के रूप में तीन महीने के भीतर भुगतान करने पर 10.72 लाख रुपये की छूट भी प्रदान की गई।

नगर निगम प्रत्येक वर्ष अप्रैल से जून तक टैक्सदाताओं को 5 प्रतिशत की छूट प्रदान करता है। ताकि समय पर टैक्स जमा करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिले और राजस्व में वृद्धि हो।

इस बार अप्रैल में सॉफ्टवेयर की तकनीकी खराबी के कारण लगभग 15 दिनों तक वसूली प्रभावित रही। इसके बावजूद निगम ने कुल 4 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये की वसूली की।

निगम अधिकारियों का मानना है कि यदि तकनीकी बाधा न आई होती, तो यह आंकड़ा 6 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता था।

वसूली के आंकड़ों के अनुसार कचरा प्रबंधन शुल्क ने सबसे अधिक 46.56 प्रतिशत का योगदान दिया। जबकि पानी शुल्क से 42.35 प्रतिशत और होल्डिंग टैक्स से 31.66 प्रतिशत की वसूली हुई।

जून माह में वसूली ने 216.95 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की, जो इस अभियान की सफलता को दर्शाता है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी और शोकॉज नोटिसः टैक्स वसूली में कुछ टैक्स कलेक्टरों (टीसी) ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। संजय कुमार ने 79.40 लाख, शिव कुमार ने 61.78 लाख और राजन कुमार ने 45.46 लाख रुपये की वसूली की। इन कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित करने की योजना है।

वहीं, चार टीसी शशि कुमार, मयूरी प्रकाश, मो. शेरशाह, और सुनील कुमार शर्मा ने लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली की। जिसके लिए उन्हें शोकॉज नोटिस जारी किया गया है।

सॉफ्टवेयर की समस्या के कारण अप्रैल में वसूली केवल 32 प्रतिशत रही, लेकिन मई में यह 141.36 प्रतिशत तक पहुंची। जून में समस्याओं के समाधान के बाद वसूली ने रफ्तार पकड़ी। निगम ने इस बार सख्त गाइडलाइंस लागू कीं, जिसमें टीसी को टैक्सदाताओं के घर जाकर होल्डिंग का फोटो लेते हुए टैक्स वसूलने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त शुल्क मिश्रा ने बताया कि टैक्स वसूली को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। समय-समय पर टीसी के प्रदर्शन की समीक्षा की जाती है और खराब प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है।

उन्होंने कहा कि कुछ टीसी ने असाधारण प्रदर्शन किया है, जिन्हें सम्मानित किया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि टैक्स वसूली के माध्यम से निगम की आय बढ़े और शहर के विकास कार्यों को गति मिले।

2024-25 का लक्ष्यः वर्ष 2024-25 के लिए नगर निगम ने 60,729 होल्डिंग्स से कुल 14 करोड़ 3 लाख 61 हजार रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा है। इसमें होल्डिंग टैक्स से 10 करोड़ 1 लाख 72 हजार, पानी शुल्क से 1 करोड़ 5 लाख 79 हजार, और कचरा प्रबंधन शुल्क से 2 करोड़ 96 लाख 9 हजार रुपये का लक्ष्य शामिल है।

अब तक 36 प्रतिशत राशि यानी 4 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये, वसूल किए जा चुके हैं। इसमें होल्डिंग टैक्स से 44 लाख 80 हजार, पानी शुल्क से 1 करोड़ 37 लाख 85 हजार और कचरा प्रबंधन शुल्क से 3 करोड़ 17 लाख 14 हजार रुपये शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें