खेल-कूदनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

राजगीर में एशिया रग्बी चैंपियनशिप का आयोजन, CM ने किया शुभंकर का अनावरण

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के राजगीर में एक नया इतिहास रचा जा रहा है, जहां पहली बार एशिया रग्बी चैंपियनशिप-2025 का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में इस प्रतियोगिता के शुभंकर और लोगो का अनावरण किया।

इस समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्साह जताते हुए कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का क्षण है कि हम पहली बार इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन की मेजबानी कर रहे हैं। बिहार के खिलाड़ी रग्बी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और यह आयोजन न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा, बल्कि बिहार को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा।

एशिया रग्बी (अंडर-20) चैंपियनशिप-2025 का आयोजन 9 और 10 अगस्त 2025 को राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय परिसर में होगा। इस प्रतियोगिता में 9 देशों की 16 टीमें भाग लेंगी। जिनमें भारत, चीन, संयुक्त अरब अमीरात, हांगकांग, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल शामिल हैं। यह टूर्नामेंट पुरुष और महिला दोनों वर्गों में आयोजित किया जाएगा। जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सुनहरा मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रग्बी बिहार में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और इस आयोजन से न केवल स्थानीय युवाओं को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि यह बिहार की खेल संस्कृति को वैश्विक पटल पर ले जाएगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह टूर्नामेंट एशिया के रग्बी जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

इधर राजगीर में पहली बार दो बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप और एशिया कप हॉकी (पुरुष) चैंपियनशिप-2025 के आयोजन को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों आयोजनों की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह राजगीर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर लाने का सुनहरा अवसर है। हम किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेंगे। बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कोषांगों और समितियों का गठन किया गया, जिनमें निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

  • खिलाड़ियों की सुविधा: आवागमन, ठहरने की व्यवस्था, खानपान, और स्वच्छता।
  • सुरक्षा: खेल मैदान की सुरक्षा, एक्स-रे मशीन, पुलिस बल की तैनाती, और भीड़ नियंत्रण।
  • चिकित्सा सुविधाएं: हेल्थ डेस्क, चिकित्सा टीम, एंबुलेंस, और फायर ब्रिगेड की उपलब्धता।
  • दर्शक व्यवस्था: बैठने की समुचित व्यवस्था और मार्ग निर्देशन।
  • मीडिया और प्रचार: आयोजन की जानकारी और प्रचार-प्रसार के लिए समुचित प्रबंध।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), नजारत उप समाहर्ता, गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता और पुलिस उपाधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

वहीं एशिया रग्बी चैंपियनशिप के अलावा राजगीर में 26 अगस्त से 9 सितंबर, 2025 तक एशिया कप हॉकी (पुरुष) चैंपियनशिप का आयोजन भी प्रस्तावित है। यह आयोजन भी राजगीर खेल परिसर में होगा और इसके लिए भी प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बहरहाल राजगीर जैसे शांत और प्राकृतिक शहर में पहली बार इस स्तर के अंतर्राष्ट्रीय आयोजन होने से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। स्थानीय व्यवसायी और होटल मालिकों ने खिलाड़ियों और आगंतुकों के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन के अनुसार इन आयोजनों से न केवल राजगीर की वैश्विक पहचान बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन और खेल विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.