हीरो एशिया कप हॉकी: भारतीय टीम को जीत की उम्मीद, कप्तान ने कहा…

राजगीर (नालंदा दर्पण)। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने राजगीर की धरती पर हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट जीतने का मजबूत विश्वास जताया है। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरमनप्रीत ने कहा कि हमें सभी टीमों से कड़ी टक्कर मिलेगी, लेकिन हम जीत के लिए पूरी तरह दृढ़ हैं। हमारी तैयारी पूरी है, और टीम के सभी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन के लिए तैयार हैं।
भारतीय टीम के कोच क्रेग फुल्टन ने भी आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि हम एशिया कप के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सभी खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म में हैं और इस बार हम चैंपियन बनकर विश्व कप का टिकट हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मौजूदा ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और महाद्वीप की नंबर एक टीम भारत ने आखिरी बार 2017 में ढाका में आयोजित एशिया कप जीता था, जहां उसने फाइनल में मलयेशिया को 2-1 से हराया था। हालांकि 2022 में जकार्ता में हुए टूर्नामेंट में भारत चैंपियन दक्षिण कोरिया और मलयेशिया के बाद तीसरे स्थान पर रहा था।
हीरो एशिया कप की ट्रॉफी का अनावरण नई दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया। इस अवसर पर ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी जफर इकबाल, अशोक ध्यानचंद, हॉकी इंडिया के महानिदेशक आरके श्रीवास्तव, खेल मंत्रालय के सचिव हरि रंजन राव और बिहार खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार उपस्थित थे। इस भव्य आयोजन ने टूर्नामेंट के प्रति उत्साह को और बढ़ा दिया।
पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरमनप्रीत ने राजगीर में खेलने के लिए अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने कहा कि हम बिहार में खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का मैदान बहुत ही आशाजनक है। मैंने इसे पहले तस्वीरों में देखा था, लेकिन अब वहां खुद खेलने का इंतजार कर रहा हूं।
हरमनप्रीत ने बिहार में हॉकी के बदलते माहौल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राजगीर खेल परिसर में दो अत्याधुनिक एस्ट्रो टर्फ हैं, जो विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस हैं। यहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और मुझे यकीन है कि बिहार जल्द ही हॉकी के चैंपियन खिलाड़ी तैयार करेगा।
हीरो एशिया कप के मैच देखने के लिए दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है। हालांकि, स्टेडियम में अव्यवस्था और सुरक्षा कारणों से दर्शकों को टिकटजिनी ऐप के माध्यम से टिकट बुक करना होगा। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने बताया कि टिकट बुकिंग 26 अगस्त से शुरू होगी।
रवींद्रण शंकरण ने कहा कि हीरो एशिया कप हॉकी का आयोजन बिहार के लिए गर्व का क्षण है। यह न केवल राज्य की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की वैश्विक छवि को मजबूत करेगा। राजगीर खेल परिसर का विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम इस आयोजन को और भी भव्य बनाएगा।







