बिहार अधिकार यात्रा: तेजस्वी यादव ने इस्लामपुर में भरी हुंकार

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर नगर के खानकाह हाई स्कूल के मैदान में इंडिया महागठबंधन की ओर से आयोजित बिहार अधिकार यात्रा ने एक बार फिर स्थानीय सियासत में हलचल मचा दी है। यहां पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। हल्की बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग उनके भाषण को सुनने के लिए डटे रहे, जिसने इस आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाया।
तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार को भाजपा ने हाईजैक कर लिया है और यह केंद्र के इशारों पर चल रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दो गुजराती बिहार को चला रहे हैं। बिहार का पैसा गुजरात के विकास में लग रहा है। उनके इस बयान ने सभा में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
तेजस्वी ने बिहार में बढ़ती गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पांच लाख नौकरियों की घोषणा की थी, तब सरकार ने सवाल उठाया था कि पैसा कहां से आएगा। लेकिन जब रास्ता दिखाया गया तो वही सरकार उनकी नीतियों की नकल करने लगी। उन्होंने इसे नकल करने वाली सरकार करार दिया।
तेजस्वी ने शराबबंदी के मुद्दे पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा है, जबकि अवैध रूप से शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह दोहरा चरित्र बिहार की जनता देख रही है।
तेजस्वी ने जनता से अपील की कि वे उनके हाथ मजबूत करें ताकि बिहार में बदलाव लाया जा सके। उन्होंने सत्ता में आने पर कई बड़े वादे किए और कहा कि 200 यूनिट बिजली मुफ्त प्रदान की जाएगी। मां-बहन योजना के तहत हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। शिक्षा के लिए डिग्री कॉलेज और स्वास्थ्य के लिए अस्पताल बनाए जाएंगे। बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। महंगाई और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाएगी। गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक राकेश रौशन ने तेजस्वी यादव को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। वहीं बिहार प्रदेश एसपीओ ने बैनर के माध्यम से बेरोजगारी से बचाने की मांग उठाई। हल्की बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ और वे तेजस्वी के भाषण को सुनने के लिए डटे रहे।
सभा में युगेश्वर होप, राधे लाल गुप्ता, इ. धर्मेंद्र, हिमायू अख्तर, सुभाष यादव, मिथलेश यादव, पप्पू खान, शाहबुद्दीन, साहन परवेज, उमेश पासवान, रामाधीन चौहान, उपेंद्र यादव, बलराम मिस्त्री, श्री देवी, बरबाद सिंह, एजाज अहमद सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
तेजस्वी ने अपने संबोधन में बिहार अधिकार यात्रा के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह यात्रा बेरोजगारों, मां-बहनों की सुरक्षा, गरीब मजदूरों के लिए उद्योग स्थापित करने और बिहार को भ्रष्टाचार व अपराध मुक्त बनाने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने जनता से इस मुहिम में साथ देने की अपील की।







