चंडीनालंदाबिग ब्रेकिंगहादसाहिलसा

मातम में बदली गंगा स्नान की आस्था, महिला की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

हिलसा (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों और आस्था के माहौल को गहरे मातम में बदल दिया। सरमेरा-बिहटा एसएच-78 स्थित दस्तूरपर मोड़ के पास एक पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार से माहौल दहल उठा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र अंतर्गत रवीओ गांव के एक ही परिवार के सदस्य गंगा स्नान के लिए फतुहा जा रहे थे। शुक्रवार की सुबह जैसे ही पिकअप वाहन चंडी-दस्तूरपर फोरलेन के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने अचानक चकमा दे दिया। इससे पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।

इस भीषण हादसे में रवीओ गांव निवासी 55 वर्षीय शीला देवी (पति-सनोज प्रसाद) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए लोगों में कुसुम देवी, रोहित कुमार, योगेंद्र कुमार, बिंदु देवी, सुमन देवी, रवि कुमार, बबलू कुमार, दामोदर कुमार, नीलम देवी, प्रियांशु कुमार, प्रीतम कुमार, कुसुम कुमारी, सोनाली कुमारी, मिंटा देवी, रिकू देवी, सोना देवी, राखी कुमारी, गोलू कुमार और कुंदन कुमार सहित अन्य शामिल हैं।

परिजनों ने बताया कि यह यात्रा पारिवारिक शोक के बाद धार्मिक आस्था से जुड़ी थी। दरअसल विजय कुमार के ससुर देवेंद्र प्रसाद की हाल ही में कोलकाता में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। गुरुवार को तेरहवीं संपन्न होने के बाद शुक्रवार को पूरा परिवार गंगा स्नान के लिए फतुहा रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सभी घायलों को तत्काल चंडी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद योगेंद्र प्रसाद, रवि कुमार, रोहित कुमार, कुसुम देवी और सुमन देवी की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर चंडी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय शीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.