
बेन (नालंदा दर्पण)। बेन बाजार की मार्गों पर एक तरफ मांस-मछली की दुकानें, अस्थाई दुकानें, ठेले व टोटो लगाने व दूसरी तरफ सड़कों पर खड़े बेतरतीब वाहनों के चलते राहगीर अक्सर परेशान होते हैं। प्रशासन की ओर से व्यवस्था दुरुस्त करने का दम भी भरा जाता है, लेकिन हकीकत कुछ और हीं है।
बाजार से गुजर रहे इस्लामपुर-नालंदा एवं परवलपुर-छबिलापुर रोड पर पटेल चौक से मेन बाजार के केबी मार्केट के आसपास तक हालात सबसे ज्यादा खराब दिखते हैं। यहां दुपहिया वाहन चालकों का तो दूर पैदल राहगीरों को निकलने में भी दिक्कतें होती है। मनमाने तरीके से वाहन चालक सड़क पर वाहन को खड़ा करके या तो कहीं खरीददारी करने चले जाते हैं।
ऐसे में सड़क पर खड़े उनके वाहन दूसरों के लिए परेशानी की वजह भी बनते हैं और जाम का कारण भी। सड़क पर जो व्यक्ति अपना वाहन खड़ा करके दूसरों के लिए परेशानी की वजह बनता है उनके प्रति न पुलिस कोई ठोस कदम उठाती है और न अंचल प्रशासन। सड़क के दोनों ओर रोड पर वाहन चालकों की मनमानी अन्य राहगीरों के लिए दिक्कतें पैदा करती है।
सड़क किनारे खड़े वाहन पैदल चलने वालों के लिए जगह नहीं छोड़ते जिससे उन्हें बीच सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। कभी कभी तो आपातकालीन सेवाओं में भी बांधा उत्पन्न हो जाती है। सड़क पर गाड़ियां पार्क करने से सड़क संकीर्ण हो जाती है। बाजार करने आए लोगों ने कहा कि वाहन चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी कर सड़क पर वाहन खड़े कर देना आम बात हो गई है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस संबंध में अंचलाधिकारी को कई बार शिकायत की गई लेकिन कारवाई नहीं होने से समस्या जब की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या गंभीर हो सकती है। सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए प्रशासन को उचित कदम उठाना चाहिए। स्रोतः नालंदा दर्पण/रामावतार कुमार



