बेन (नालंदा दर्पण)। बेन थाना क्षेत्र के दो भिन्न भिन्न जगहों पर गेहूं की फसल में आग लग गई। जिससे दर्जनों किसानों के गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार रविवार की देर रात करीब पौने ग्यारह बजे अकस्मात मौसम में परिवर्तन होने के साथ बिजली की कड़क सुनाई देने लगी। तभी नोहसा पंचायत व थाना क्षेत्र के बसंतपुर एवं नोहसामठ गांव के एक कंधे में आकाशीय बिजली गिरने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।
किसान मुनचुन सिंह, कृष्णनंदन सिंह एवं कृष्ण राम के करीब पांच बीघे खेतों में लगी गेहूं की फसल आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गई।
किसान मुनचुन सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली की चिंगारी ने देखते हीं देखते खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद बारिश होने लगी जिससे आग पर काबू पा लिया गया। बारिश के कारण खेतों में खड़ी आसपास की फसलें आग की चपेट में आने से बच गयी। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को तत्काल उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे किसान की आर्थिक क्षति की भरपाई हो सकेगी।
वहीं दूसरी ओर बेन अंचल क्षेत्र के ऑट पंचायत के विशुनपुर गांव के खेत-खलिहान में रविवार की शाम शॉर्ट सर्किट से निकली बिजली की चिंगारी ने आधा दर्जन किसानों के गेहूं की फसल में आग लग गई। जिससे किसानों के निवाले जलकर राख हो गए।
पीड़ित किसानों में संतोष कुमार, अरुण चौधरी, महेन्द्र प्रसाद, नरेश प्रसाद, नरेन्द्र प्रसाद एवं शंकर राऊत शामिल है। इस अगलगी में करीब तीन बीघे गेहूं की फसल जल जाने की खबर है। ग्रामीणों के सहयोग से निजी पंपसेट के सहारे आग पर काबू पाया। पीड़ित किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।



