विधवा भाभी से की थी शादी, फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

जमीन विवाद और पारिवारिक कलह के बीच हुई घटना, पुलिस ने दर्ज किया मामला; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक, जोकि अपनी विधवा भाभी से शादी की थी, उसका शव उसके घर में रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान स्वर्गीय रामसागर प्रसाद के 27 वर्षीय पुत्र बड़े महतो के रूप में की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। परिजनों के बीच इस घटना को लेकर गहरा विवाद भी सामने आया है। मृतक के भाई छोटू कुमार समेत अन्य परिजन इस मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।

परिजनों के अनुसार बड़े महतो ने करीब एक वर्ष पहले अपने दिवंगत भाई झूलन प्रसाद की विधवा काजल देवी से सामाजिक सहमति के आधार पर विवाह किया था। शादी के बाद से ही परिवार में जमीन और आपसी संबंधों को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था।

छोटू कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी भाभी काजल देवी का किसी बाहरी व्यक्ति से अवैध संबंध था और वह संपत्ति पर कब्जा करना चाहती थी। उनका दावा है कि इसी कारण घर में अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।

उन्होंने यह भी कहा कि घटना की रात काजल के पिता घर में मौजूद थे, जो सुबह होते ही वहां से चले गए।

परिजनों का कहना है कि शव की स्थिति और शरीर पर मिले खून के निशान घटना को संदिग्ध बनाते हैं। उनका आरोप है कि पहले युवक की हत्या की गई और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया।

वहीं मृतक की पत्नी काजल देवी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उल्टा देवर और जेठ पर ही जमीन विवाद को लेकर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि पिछले छह महीनों से जमीन बेचने को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था और कुछ दिन पहले भी उनके पति के साथ मारपीट की गई थी।

इधर, पुलिस इस मामले को अलग नजरिए से देख रही है। दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मृतक की मां दुखिया देवी के बयान पर प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसारमृतक मानसिक रूप से कमजोर था और उसकी मां ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी उसे भोजन नहीं देती थी तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें