बिंदअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंग

हल्दी का रंग भी नहीं उतरा और शादी के 6 दिन बाद युवक की गोली मारकर हत्या

नालंदा दर्पण डेस्क। बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज छह दिन बाद एक नवविवाहित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात बिंद थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

मृतक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जिसकी शादी 20 अप्रैल को हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियां पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

मछली मारने के बहाने बुलाकर ले गएः परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे राहुल खाना खाकर घर पर ही था। इसी दौरान उसके दो परिचित युवक उसे जीरायन नदी में मछली मारने के बहाने अपने साथ ले गए। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।

रविवार तड़के करीब 3 बजे राहुल के छोटे भाई कुंदन को फोन पर सूचना मिली कि राहुल को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग सूर्य मंदिर के पास नदी किनारे पहुंचे, जहां राहुल का शव पड़ा मिला। उसके सिर के पीछे गोली मारी गई थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

खुशियों के घर में पसरा मातमः इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की शहनाई गूंजी थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। नवविवाहिता पत्नी, जिसके हाथों की मेहंदी अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी, उसका सुहाग उजड़ गया। राहुल अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और डेकोरेशन का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

पुलिस जांच में जुटी, पुराने विवाद की आशंकाः घटना की सूचना मिलते ही बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला मछली मारने को लेकर हुए पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.