बूढ़ानगर छोटकी औंगारी धाम: सूर्य सरोवर में छठ पूजा की खास तैयारी
इस्लामपुर के इस प्राचीन सूर्य मंदिर में उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़, नगर परिषद ने घाटों पर कराई सफाई, बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था।

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के इस्लामपुर नगर परिषद क्षेत्र के बूढ़ानगर में स्थित प्राचीन भगवान सूर्य मंदिर आस्था और लोकविश्वास का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। सूर्य उपासना की परंपरा से जुड़ा यह धार्मिक स्थल क्षेत्र में ‘सूर्य सरोवर छोटकी औंगारी धाम’ के नाम से प्रसिद्ध है। यहां प्रत्येक रविवार को भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। स्थानीय लोगों के बीच इस मंदिर को लेकर गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें यहां पूरी होती हैं।
इस मंदिर की विशेष पहचान केवल नियमित पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। शादी-विवाह के शुभ लग्न के दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचकर वैवाहिक समारोह भी संपन्न कराते हैं। वहीं, छठ महापर्व के अवसर पर सूर्य सरोवर का नजारा भक्तिमय हो उठता है। विभिन्न इलाकों से पहुंचे छठव्रती सरोवर के किनारे अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना करते हैं।
छठव्रतियों की सुविधा के लिए नगर परिषद की तैयारी
छठ महापर्व को लेकर नगर परिषद प्रशासन की ओर से घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक संतोष कुमार उर्फ पुट्टू ने बताया कि परिषद क्षेत्र के बूढ़ानगर, कोविल सहित अन्य घाटों की साफ-सफाई कराई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सूर्य सरोवर में बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, रोशनी तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि छठव्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
आत्मा गांव के तालाब पर भी जुटते हैं व्रती
इस्लामपुर प्रखंड के आत्मा गांव में भी छठ महापर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिलता है। गांव में भगवान भोलेनाथ के मंदिर के समीप स्थित तालाब पर आसपास के कई गांवों के छठव्रती बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
ग्रामीण सुनील साव, सतीश कुमार, अवधेश राम, राजेश कुमार, जयपाल और सर्वेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से घाटों के आसपास साफ-सफाई कराई गई है। इसका उद्देश्य व्रतियों को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता की मिसाल
इस्लामपुर का सूर्य सरोवर छोटकी औंगारी धाम और आत्मा गांव का तालाब छठ महापर्व के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता की भी मिसाल पेश करते हैं। एक ओर नगर परिषद प्रशासन सुविधाओं को दुरुस्त करने में जुटा है, तो दूसरी ओर ग्रामीण अपने स्तर से घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में योगदान दे रहे हैं। यही सामूहिक प्रयास छठ महापर्व की मूल भावना स्वच्छता, समर्पण, अनुशासन और लोककल्याण को साकार करता है।
- सूर्यनगरी औंगारीधाम: द्वापर युग की मान्यता और छठ आस्था का अनोखा संगम
- राजगीर सूर्यकुंड में गर्म जल से होती है छठ पूजा, जानिए 22 कुंड और 52 धाराओं का रहस्य







