गिरियकनालंदाबिग ब्रेकिंगबिहार शरीफ

पावापुरी महोत्सव में राज्यपाल का आगमन, सुरक्षा कड़ी; देवी और नवीन जैन पंड्या देंगे प्रस्तुति

7 और 8 नवंबर को होगा 2552वां पावापुरी महोत्सव, एसपी हृदयकांत ने लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा; यातायात और पार्किंग को लेकर प्रशासन सख्त।

गिरियक (नालंदा दर्पण)। भगवान महावीर की निर्वाण स्थली पावापुरी एक बार फिर आस्था, संस्कृति और संगीत के अनूठे संगम की साक्षी बनने जा रही है। 7 और 8 नवंबर को आयोजित होने वाले 2552वें पावापुरी महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

महोत्सव में बिहार के राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में भोजपुरी लोकगायिका देवी और प्रसिद्ध भजन गायक नवीन जैन पंड्या अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।

गुरुवार को नालंदा के पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और दिगंबर जैन मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारियों से आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। राज्यपाल का 7 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे पावापुरी पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। उनके प्रवास के लिए लगभग एक घंटे का समय तय किया गया है।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर एसडीपीओ राजगीर संजीत कुमार गुप्ता, एसडीएम सूर्य प्रकाश गुप्ता, गिरियक अंचलाधिकारी सन्नी कुमार और नगर पंचायत पावापुरी के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

टोटो से बसों तक के लिए तय हुआ ट्रैफिक प्लान

महोत्सव में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की कवायद भी शुरू कर दी है। एसडीएम सूर्य प्रकाश गुप्ता, डीएसपी संजीव कुमार गुप्ता, अंचलाधिकारी सन्नी कुमार और कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार ने पावापुरी थाना पहुंचकर टोटो संघ के सदस्यों के साथ बैठक की।

बैठक में टोटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन लगाने का निर्देश दिया गया। पावापुरी मोड़ पर बसों को खड़ा करने के बजाय बस स्टैंड में लगाने की हिदायत दी गई, ताकि मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो।

इसके बाद अधिकारियों ने दिगंबर जैन मंदिर पहुंचकर प्रबंधन के मैनेजर अरुण कुमार जैन से तैयारियों की जानकारी ली। श्वेतांबर जैन मंदिर प्रबंधन को भी टूरिस्ट बसों समेत अन्य वाहनों की पार्किंग जल मंदिर परिसर स्थित निर्धारित बस पार्किंग में कराने का निर्देश दिया गया।

मेला परिसर में मनोरंजन के साधनों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मेला प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बिना अनुमति झूला और ड्रैगन झूला संचालित नहीं किया जाए। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

देवी के भोजपुरी गीत और नवीन जैन पंड्या के भजन होंगे खास आकर्षण

पावापुरी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या इस बार लोक संगीत और भक्ति के दो अलग-अलग रंगों से सजेगी। राज्यपाल के संबोधन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी की लोकप्रिय गायिका देवी और प्रसिद्ध भजन गायक नवीन जैन पंड्या अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

भोजपुरी गायिका देवी अपनी मधुर आवाज और लोकगीतों के जरिए दर्शकों को भोजपुरी संस्कृति की मिठास से रूबरू कराएंगी। उनके गीतों में लोकजीवन, परंपरा और मिट्टी की खुशबू का एहसास सांस्कृतिक संध्या को खास बनाएगा।

वहीं, नवीन जैन पंड्या के भक्ति गीत और भजन महोत्सव के आध्यात्मिक वातावरण को और भी भावपूर्ण बनाएंगे। भगवान महावीर की निर्वाण भूमि पर उनके भजनों की प्रस्तुति श्रद्धा और संगीत का विशेष संगम पेश करेगी।

दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होंगी। एक तरफ देवी की भोजपुरी गायिकी लोक संस्कृति का रंग जमाएगी, तो दूसरी ओर नवीन जैन पंड्या की भजन प्रस्तुति श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेगी।

आस्था की नगरी में संस्कृति और संगीत का संगम

जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की निर्वाण भूमि पावापुरी धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। यहां स्थित प्रसिद्ध जल मंदिर देश-विदेश से आने वाले जैन श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह दो दिवसीय महोत्सव धार्मिक विरासत के साथ बिहार की सांस्कृतिक पहचान को भी मंच प्रदान करता है।

राज्यपाल का आगमन, प्रशासन की व्यापक तैयारियां और नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां इस आयोजन को खास बनाने जा रही हैं। अब सबकी निगाहें 7 और 8 नवंबर को पावापुरी में होने वाले इस भव्य आयोजन पर टिकी हैं।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.