इस्लामपुर में लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित करने के लिए लाइसेंस अनिवार्य, डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई
दीपावली और छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक में पुलिस प्रशासन ने दिए निर्देश, छठ घाटों पर पेयजल, रोशनी और बैरिकेडिंग की होगी व्यवस्था।

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर इस्लामपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष रण विजय कुमार ने स्पष्ट किया कि दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना करने वाली प्रत्येक पूजा प्रबंधन समिति को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बिना अनुमति डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
वहीं, पुलिस इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
नगर परिषद के सिटी मैनेजर नीलेश कुमार ने छठ पूजा की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, रोशनी, बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसका उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले छठव्रतियों और मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की अनुपस्थिति पर उठे सवाल
शांति समिति की इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी से लेकर कर्मचारी तक अनुपस्थित रहे। दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही। बैठक में वीरेंद्र गोप, विजय विश्वकर्मा, दिनेश पासवान, मोहम्मद शाहबुउद्धीन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






