
बेन (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के बेन प्रखंड में बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रबी फसलों की बुवाई और धान की कटाई के ठीक मौसम में शनिवार की सुबह से हो रही बारिश के कारण किसानों को अपनी तैयार फसल के नुकसान का डर सताने लगा है। प्रखंड के अधिकांश हिस्सों में धान की कटाई पूरी नहीं हो पाई है।
40 फीसदी धान अभी भी खेतों में खड़ी है या कटाई कर सुखने के लिए छोड़ दिया गया है या फिर खलिहानों में जमा किया गया है। ऐसे में अचानक हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है। प्रखंड क्षेत्र के किसान मौसम की अचानक बदलाव से काफी परेशान हैं।
किसान विवेक, शिवकुमार का कहना है कि कड़ी मेहनत, महंगी खाद और सिंचाई के बाद जब फसल तैयार हुई है, तब मौसम की बेरुखी किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। ऐसे में तैयार फसल को सुरक्षित रखना किसानों के सामने बड़ी चुनौती बन गई है।
किसान महेश प्रसाद ने कहा कि खेतों में काटकर रखें धान एवं बोझे बारिश में भींग रहे हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने और नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
बारिश थमने और धूप निकलने का इंतजार कर रहे किसान: फिलहाल किसान बारिश थमने और धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं। किसान जितेन्द्र सिंह, रविन्द्र प्रसाद ने कहा कि खेतों में पड़े धान को अच्छी तरह सुखाने के बाद हीं खलिहान तक ले जाना संभव हो पाएगा। लगातार बारिश जारी रहने से धान और पुआल दोनों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
बेमौसम बारिश से शादी समारोह में पड़ा खलल: इधर गांवों में शादी विवाह का दौर चल रहा है। लेकिन विवाह समारोहों के उत्साह में बारिश ने खलल डाल दिया है। शादी-समारोह का आयोजन भी प्रभावित हुए हैं। सजे-धजे स्टेज व पंडाल गीले हो जाने से आयोजकों को काफी परेशान झेलनी पड़ रही है।






