नालंदा दर्पण। हरनौत प्रखंड के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ केंद्र गोखुलपुर मठ में प्रतिनियुक्त डॉ. प्रियरंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बदमाशों ने प्रियरंजन को मुस्तफापुर के पास दिनदहाड़े सीने में चार गोली मारी है। वारदात को अंजाम देकर सारे बदमाश फरार हो गए।
डॉ. प्रियरंजन प्रियदर्शी मूलतः नूरसराय प्रखंड के नेसरा गांव के बाशिंदे थे। उनकी मूल पदस्थापना हरनौत के गोनावां एपीएचसी में थी।
वारदात के बाद डॉ. प्रियरंजन का शव रहुई थाने रखा गया। उसके बाद पुलिस पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
कहा जाता है कि डॉ. प्रियरंजन कुमार प्रियदर्शी हरनौत के गोखुलपुर मठ स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र में प्रतिनियुक्त थे। गुरुवार की सुबह वे अपने घर से बाइक पर सवार होकर अस्पताल जाने के लिए निकले थे।
बताया जाता है कि वे जैसे ही रहुई के मुस्तफापुर के पास पहुंचे कि बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इसके पहले कि डॉ. प्रियरंजन कुछ समझ पाते उनके सीने में ताबड़तोड़ चार गोली मार दी।
गोली लगने से डॉ. प्रियरंजन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए।