अब नालंदा में 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी AC गरीब रथ एक्सप्रेस

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। बिहार और झारखंड के लोगों के लिए 6 नवंबर से एक नई रेल सेवा शुरू होने जा रही है। धनबाद से जयनगर तक चलने वाली नई गरीब रथ एक्सप्रेस की शुरुआत होगी। यह ट्रेन राजगीर, नालंदा और बिहार शरीफ जैसे ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण शहरों को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। इससे क्षेत्रीय यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

ट्रेन की रफ्तार और सुविधाः गरीब रथ एक्सप्रेस राजधानी एक्सप्रेस की तरह 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी, जो इसे बेहद तेज और सुविधाजनक बनाएगी। इस ट्रेन की खासियत यह है कि इसके सभी कोच पूरी तरह वातानुकूलित होंगे और सभी कोच थर्ड एसी श्रेणी के होंगे, जिसका किराया सामान्य थर्ड एसी से लगभग 40 प्रतिशत कम होगा। प्रति कोच में 78 से 81 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी।

सप्ताह में चार दिन चलेगी ट्रेनः ट्रेन हफ्ते में चार दिन चलेगी। बुधवार और शनिवार को धनबाद से और गुरुवार और रविवार को जयनगर से रवाना होगी। धनबाद से ट्रेन शाम 6:40 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 9:15 बजे जयनगर पहुंचेगी।

स्टॉपेज और सेवाः इस ट्रेन का कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर स्टॉपेज होगा, जिनमें गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग, राजगीर, बिहार शरीफ, बरौनी, समस्तीपुर और दरभंगा शामिल हैं। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। खासकर राजगीर और नालंदा जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या की उम्मीद है।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में बेड रोल सेवा 25 रुपए में उपलब्ध होगी। जिसमें एक तकिया, एक कंबल और दो चादरें शामिल होंगी। इसके अलावा भोजन की सेवा भी अतिरिक्त शुल्क पर प्रदान की जाएगी।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावाः इस नई सेवा के शुरू होने से नालंदा और राजगीर जैसे ऐतिहासिक स्थानों को भी बढ़ावा मिलेगा, जो भारतीय संस्कृति और इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। नई ट्रेन सेवा क्षेत्र के आर्थिक विकास के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन उद्योग को भी आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी।

नालंदा जिले की पहली गरीब रथ श्रेणी की ट्रेनः यह नालंदा जिले की पहली गरीब रथ श्रेणी की ट्रेन होगी, जो वहां के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गरीबी रथ की अवधारणा कम किराए में एसी की सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी, जो अब इस क्षेत्र के यात्रियों को सस्ती और आरामदायक यात्रा का अनुभव देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख समाचार

सर्वप्रिय समाचार