अपराधनालंदाफीचर्डबिहार शरीफ

पूरे जिले में सक्रिय चोरों के आतंक के आगे बौनी पड़ी नालंदा पुलिस

नालंदा दर्पण डेस्क। इन दिनों समूचे नालंदा जिले में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात यह हैं कि लगभग हर दिन किसी न किसी गांव या कस्बे में मकान और दुकानों के ताले टूट रहे हैं। ताजा मामला रहुई थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का है, जहां बीती रात बदमाशों ने एक ही रात आठ घरों का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी, जेवर और कीमती सामान पर हाथ साफ कर लिया।

अहले सुबह जब ग्रामीणों ने टूटे ताले देखे, तब इस बड़ी वारदात का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही रहुई थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो, इसके लिए पुलिस ने प्रभावित घरों के बाहर बैरियर टेप भी लगाया।

चोरी की इस घटना में जिन लोगों के घरों को निशाना बनाया गया, उनमें रविंद्र चौहान, सुभाष चौहान, पप्पू चौहान, विरेंद्र चौहान, विशंभर चौहान, सुरेंद्र चौहान, रंजीत चौहान और प्रकाश चौहान शामिल हैं। सभी पीड़ित परिवार ईंट भट्ठों पर रहकर मजदूरी करते हैं।

ग्रामीणों से फोन पर घरों का ताला टूटने की सूचना मिलने के बाद वे आनन-फानन में गांव लौटे, जहां उनका सामना खाली घरों और बिखरे सामान से हुआ।

पीड़ितों के अनुसार बदमाशों ने घरों में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान समेट लिया। कई परिवारों की वर्षों की जमा-पूंजी एक ही रात में गायब हो गई, जिससे गांव में डर और आक्रोश का माहौल है।

थानाध्यक्ष ललित विजय के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। बदमाशों का सुराग पाने के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इलाके के ही सक्रिय बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने दावा किया कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।

हालांकि, लगातार हो रही चोरियों ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सक्रिय बदमाश एक ही रात में कई-कई घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जबकि पुलिस अब तक किसी बड़ी वारदात का खुलासा करने में सफल नहीं हो सकी है।

गौरतलब है कि हाल ही में चंडी थाना क्षेत्र में एक साथ तीन ज्वेलरी दुकानों हिमांशु ज्वेलर्स, पूजा ज्वेलर्स और राधे कृष्णा ज्वेलर्स से करीब 36 लाख रुपये के जेवर और नकदी की चोरी हुई थी।

इसके बाद हिलसा बाजार में पांच गल्ला दुकानों को निशाना बनाया गया। वहीं नालंदा और अस्थावां थाना क्षेत्रों में भी भीषण चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का ठोस खुलासा नहीं हो पाया है।

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से आम लोग दहशत में हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना यह है कि नालंदा पुलिस इन बेलगाम बदमाशों पर कब और कैसे नकेल कसती है।

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.