नगरनौसादीपनगरनालंदाबिग ब्रेकिंगबिहार शरीफहादसा

तेज रफ्तार ट्रक ने ली पंचायत रोजगार सेवक की जान, चालक फरार

दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, नवादा में तैनात पीआरएस की मौके पर मौत

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक गांव स्थित फोरलेन पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंचायत रोजगार सेवक (पीआरएस) की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पीआरएस को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान नगरनौसा थाना क्षेत्र के भुतहाखाड़ गांव निवासी स्वर्गीय सियाशरण प्रसाद के 42 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार उर्फ महेश प्रसाद के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार, अविनाश कुमार नवादा जिले के वारसलीगंज प्रखंड अंतर्गत देवधा पंचायत में पंचायत रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत थे। वे बिहारशरीफ में रहकर नियमित रूप से ड्यूटी के लिए आते-जाते थे। शुक्रवार की सुबह भी वे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन कासिमचक गांव के पास फोरलेन पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घर पर चीख-पुकार का माहौल बन गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। अविनाश कुमार अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अचानक आई इस त्रासदी ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

स्रोतः नालंदा दर्पण डेस्क

मुकेश भारतीय

संस्थापक-संचालक-संपादक मुकेश भारतीय वरिष्ठ पत्रकार हैं और राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर पिछले 35 वर्षों से लेखन-संपादन करते आ रहे हैं। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker