नालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीरशिक्षा

एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिपः UAE से होगा भारत का पहला मुकाबला

राजगीर (नालंदा दर्पण)। नालंदा की ऐतिहासिक धरती पर एक नया इतिहास रचा जाने को तैयार है। एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप का भव्य आयोजन राजगीर खेल परिसर में होने जा रहा है और इसके लिए सारी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। 8 अगस्त को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे, जो संभवतः ऑनलाइन होगा।

9 और 10 अगस्त को होने वाली इस चैंपियनशिप में पुरुष और महिला वर्ग की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बाँटा गया है। पुरुष वर्ग में ग्रुप ए में भारत, हांगकांग, श्रीलंका और यूएई शामिल हैं।

 जबकि ग्रुप बी में मलयेशिया, उजबेकिस्तान, चीन और कजाकिस्तान हैं। महिला वर्ग में ग्रुप सी में चीन, नेपाल, उजबेकिस्तान और श्रीलंका हैं।  जबकि ग्रुप डी में भारत, हांगकांग, यूएई और कजाकिस्तान की टीमें हैं।

भारत की पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को यूएई के खिलाफ करेगी। इसके बाद भारत का मुकाबला श्रीलंका और हांगकांग से होगा।

दूसरी ओर महिला वर्ग में भारतीय टीम अपना पहला मैच कजाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। फिर यूएई और हांगकांग से भिड़ेगी। लीग चरण की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी और फाइनल मुकाबले 10 अगस्त को खेले जाएँगे।

इस चैंपियनशिप के लिए राजगीर खेल परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। आयोजन स्थल पर उच्चस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जो खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करेंगी। चीन की टीम के पटना हवाई अड्डे पर पहुँचते ही उनका पारंपरिक बिहारी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया।

ढोल-नगाड़ों और फूलों की मालाओं के साथ हुए इस स्वागत ने न केवल मेहमान टीम का मनोबल बढ़ाया, बल्कि बिहार की आतिथ्य परंपरा को भी प्रदर्शित किया। इसके बाद पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ टीम को लग्जरी बसों द्वारा राजगीर ले जाया गया।

बहरहाल, यह चैंपियनशिप न केवल रग्बी प्रेमियों के लिए रोमांचक होगी, बल्कि यह युवा खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी देगी। भारतीय टीमों से स्थानीय प्रशंसकों को बड़ी उम्मीदें हैं। क्या भारत की टीमें इस बार एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप में अपनी छाप छोड़ पाएँगी? यह जानने के लिए सभी की निगाहें 9 और 10 अगस्त पर टिकी हैं।

मुकेश भारतीय

संस्थापक-संचालक-संपादक मुकेश भारतीय वरिष्ठ पत्रकार हैं और राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर पिछले 35 वर्षों से लेखन-संपादन करते आ रहे हैं। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker