Home अपराध छबिलापुर में दंपति की हत्या कर शव जलाया, नाली से बह रहा...

छबिलापुर में दंपति की हत्या कर शव जलाया, नाली से बह रहा था खून की धारा

Couple murdered in Chhabilapur and their bodies burnt, stream of blood found flowing from the drain
Couple murdered in Chhabilapur and their bodies burnt, stream of blood found flowing from the drain

राजगीर (नालंदा दर्पण)। छबिलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दोगी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। रविवार की रात एक दंपति की हत्या कर उनके शव को जला दिया गया। घटना की जानकारी तब मिली, जब उनके पुत्र विपिन कुमार ने सुबह घर पहुंचकर नाली से बहते खून की धारा देखी और अपने माता-पिता को जलते हुए पाया। मृतक दंपति की पहचान विजय प्रसाद (54) और उनकी पत्नी कांति देवी (50) के रूप में हुई है।

मृतक दंपति के पुत्र विपिन कुमार के अनुसार वह सुबह जब अपने माता-पिता के घर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था और नाली से खून बह रहा था। घर के अंदर जाकर उसने देखा कि उसके माता-पिता आग की लपटों में थे। घबराकर उसने अपने भाइयों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया।

घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने पाया कि दंपति के शव को जलाया गया था। लेकिन सिर और हाथ का कुछ हिस्सा जलने से बच गया था। घर के अंदर बिजली का एक तार भी गिरा हुआ मिला, जो इस वारदात को और भी रहस्यमय बनाता है। घर के आसपास के कमरों में किसी भी प्रकार के संघर्ष या आपत्तिजनक चीजें नहीं मिलीं। लेकिन खून के छींटे कमरों में बिखरे हुए थे।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम के प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि दंपति की पहले धारधार हथियार या गोली से हत्या की गई होगी। उसके बाद शव को जलाकर इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई है। घटनास्थल के पास ग्लव्स भी बरामद हुए हैं। जिससे यह भी संकेत मिलता है कि अपराधी ने सावधानी बरतने की कोशिश की थी।

इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार विजय प्रसाद शनिवार रात गांव के मंदिर में भजन कीर्तन में शामिल होने के बाद घर लौटे थे। उनकी हत्या क्यों और किसने की? यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

फिलहाल घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घर को सील कर दिया है और डॉग स्क्वाड टीम को भी बुलाया गया है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही मामले की तह तक पहुंचने की उम्मीद है। सभी की नजरें पुलिस की जांच पर टिकी हैं, जो इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version