Saturday, February 14, 2026
अन्य

    चुनावी साल में आयोगों की बहार: महिला, अति पिछड़ा, खाद्य, बाल श्रमिक और मदरसा बोर्ड का गठन

    नालंदा दर्पण डेस्क। बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के बीच राज्य सरकार ने एक साथ कई आयोग और बोर्ड का गठन कर सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य महिला आयोग, अति पिछड़ा आयोग, खाद्य आयोग, बाल श्रमिक आयोग और मदरसा शिक्षा बोर्ड का पुनर्गठन कर दिया गया है। खास बात यह है कि इन सभी निकायों में एनडीए खेमे से जुड़ी शख्सियतों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया गया है।

    राज्य सरकार ने अति पिछड़ा वर्ग के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए अति पिछड़ा आयोग का पुनर्गठन किया है। जदयू नेता नवीन कुमार आर्य को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि केदारनाथ भंडारी (मधुबनी) और अमित कुमार (गया) को सदस्य नियुक्त किया गया है। आयोग का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा और इसमें अधिकतम चार सदस्य हो सकते हैं।

    13 महीने बाद महिला आयोग को मिला नया नेतृत्वः राज्य महिला आयोग, जो पिछले 13 महीने से भंग था, अब नयी अध्यक्ष अप्सरा के नेतृत्व में कार्य करेगा। दस सदस्यीय आयोग में सात नये चेहरों को जगह दी गई है- शीला टुड्ड (बांका), रजिया कामिल अंसारी (रोहतास), पिंकी कुमारी (लखीसराय), सजल झा (पटना), श्यामा सिंह (गया) और रश्मि रेखा सिन्हा (पटना) जैसी सक्रिय महिलाएं अब राज्य महिला आयोग की आवाज़ बनेंगी।

    इनके साथ गृह विभाग व समाज कल्याण विभाग से एक-एक पदेन सदस्य तथा महिला एवं बाल विकास निगम की एमडी सचिव पद पर रहेंगी। कार्यकाल तीन वर्षों या 65 वर्ष की उम्र तक रहेगा।

    खाद्य सुरक्षा के लिए नया आयोग, प्रह्लाद सरकार बने अध्यक्षः खाद्य सुरक्षा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रह्लाद कुमार सरकार को खाद्य आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चार सदस्य भी बनाये गए हैं- रिंकी रानी पांडेय, मनोज कुमार, अंगद कुमार कुशवाहा और नरेंद्र कुमार ऋषि। यह आयोग राशन प्रणाली और खाद्य आपूर्ति की निगरानी करेगा।

    मदरसा शिक्षा बोर्ड में नये चेहरों की आमदः धार्मिक शिक्षा की बेहतरी के लिए गठित मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पद पर विधान परिषद के पूर्व उपसभापति सलीम परवेज को बिठाया गया है। छह अन्य सदस्य नियुक्त किए गए हैं- खालिद अनवर (MLC), शब्बीर अहमद (मुजफ्फरपुर), अब्दुल क्यूम (मधुबनी), खुर्शीद अनवर (मुजफ्फरपुर), इजहार अशरफ (समस्तीपुर) और मोहम्मद निजामुद्दीन अंसारी (सीवान)। बोर्ड में सुन्नी वक्फ और शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सहित अन्य पदेन सदस्य भी शामिल होंगे।

    बाल श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करेगा नया आयोगः राज्य सरकार ने बाल श्रमिकों की स्थिति में सुधार के लिए बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग का गठन किया है। अशोक कुमार को अध्यक्ष और भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

    साथ ही विधायक श्रेयसी सिंह, रामविलास कामत, विजय कुमार, एमएलसी अनिल कुमार, रवींद्र प्रसाद सिंह, सुनील कुमार और शौकत अली को सदस्य बनाया गया है। पटना में इसका मुख्यालय होगा और कार्यकाल तीन वर्षों का होगा।

    इन नियुक्तियों से यह साफ हो रहा है कि सरकार ने चुनावी सामाजिक संतुलन साधते हुए महिला, अल्पसंख्यक, अति पिछड़ा और श्रमिक वर्ग के प्रतिनिधित्व को महत्व दिया है। साथ ही इन आयोगों में एनडीए से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की बहुलता यह भी दर्शाती है कि चुनावी रणनीति के तहत संगठन को मैदान में उतार दिया गया है।

    Nalanda Darpanhttps://nalandadarpan.com/
    नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    आपकी खबरें

    error: Content is protected !!