इस्लामपुरएकंगरसरायतेल्हाड़ानालंदाबिग ब्रेकिंगहादसाहिलसा

गंगा बिगहा के पास दर्दनाक सड़क हादसा: 3 किशोरों की मौत, कोठरी गांव में पसरा मातम

हिलसा (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के तेल्हाड़ा-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर गंगा बिगहा गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृतकों के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों किशोर एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेल्हाड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगा बिगहा गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित ताड़ के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जहानाबाद जिले के घोषी थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर गांव निवासी सतीश चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार तन्नु कुमार और सन्नी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही तेल्हाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकंगरसराय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अंकुश कुमार को मृत घोषित कर दिया। तन्नु कुमार और सन्नी कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि तन्नु कुमार मनोज चौधरी का पुत्र तथा सन्नी कुमार राजा चौधरी का पुत्र था। दोनों तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कोठरी गांव के निवासी थे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अंकुश कुमार अपने नाना उमा चौधरी के घर कोठरी गांव में रहकर पढ़ाई करता था। उमा चौधरी की चार पुत्रियां हैं, इसलिए उन्होंने अपने नाती को अपने पास ही रखा हुआ था।

पुलिस ने मृतक अंकुश कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं अन्य दोनों किशोरों के निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना के बाद कोठरी गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकंगरसराय में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतकों के परिजनों के विलाप और चीत्कार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सख्ती बरतने की मांग की है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.